शिवराज सिंह का 'मामा कोचिंग' मिशन: गरीब छात्रों को मिलेगी फ्री कोचिंग, MPPSC और प्रतियोगी परीक्षाओं की कराएंगे तैयारी, जल्द शुरू होगा पहला बैच

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने 66वें जन्मदिन (5 मार्च) पर 5 सेवा संकल्प लेने जा रहे हैं। इसके तहत विदिशा संसदीय क्षेत्र में गरीब छात्रों के लिए 'मामा कोचिंग' की शुरुआत होगी।

shivraj singh chouhan birthday mama coaching five resolutions vidisha 2026 mp politics hindi news zvj

Shivraj Singh Chouhan Mama Coaching: मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने 66वें जन्मदिन को 'सेवा पर्व' के रूप में मनाने जा रहे हैं। 5 मार्च को अपने जन्मदिन के अवसर पर शिवराज सिंह 5 विशेष संकल्प लेंगे, जो पर्यावरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, सेवा और प्रतिभा प्रोत्साहन पर केंद्रित होंगे। इस कड़ी में सबसे बड़ा आकर्षण 'मामा कोचिंग' की शुरुआत है, जहाँ आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी छात्रों को प्रशासनिक सेवाओं (MPPSC) की निःशुल्क तैयारी कराई जाएगी। इस कोचिंग के लिए आवेदन प्रक्रिया जन्मदिन यानी 5 मार्च से ही शुरू हो जाएगी।

जन्मदिन पर शिवराज के 5 बड़े संकल्प

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राजनीति को सेवा का माध्यम बनाने की अपनी छवि को और मजबूत करते हुए अपने जन्मदिन पर जनहित के पांच बड़े प्रण लिए हैं। विदिशा संसदीय क्षेत्र के विकास और वहां की जनता की भलाई के लिए उन्होंने 'मामा कोचिंग' और 'मोबाइल हॉस्पिटल' जैसी योजनाओं को शुरू करने की तैयारी की है। वे 5 मार्च को अपने 66वें जन्मदिन पर पर्यावरण, सेवा, सहायता, शिक्षा और प्रतिभा प्रोत्साहन से जुड़े संकल्प लेने जा रहे हैं। 

गरीब छात्रों को मिलेगी फ्री कोचिंग

शिक्षा के स्तर को सुधारने और गरीब बच्चों को बड़े अफसर बनाने के सपने को पूरा करने के लिए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान एक नई पहल कर रहे हैं। वे विदिशा, रायसेन और सीहोर (भैरूंदा) जिलों में 'मामा कोचिंग' सेंटर खोलने जा रहे हैं।

इस योजना की खास बातें इस प्रकार हैं:

  • शुरुआत: शिवराज सिंह चौहान विदिशा, रायसेन और सीहोर जिले के भैरूंदा में फ्री 'मामा कोचिंग' शुरू करेंगे।
  • सीटें: हर सेंटर पर शुरुआत में 100-100 बच्चों का एक बैच बनाया जाएगा, यानी पहले चरण में कुल 300 बच्चों को चुना जाएगा।
  • घर बैठे पढ़ाई (Online Class): जो बच्चे दूर-दराज के गांवों में रहते हैं और शहर के सेंटर तक रोज नहीं आ सकते, उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है। उनके लिए ऑनलाइन क्लास की सुविधा भी दी जाएगी, ताकि वे मोबाइल या कंप्यूटर के जरिए घर से ही पढ़ाई कर सकें।
  • रजिस्ट्रेशन: अगर कोई छात्र इस फ्री कोचिंग का फायदा उठाना चाहता है, तो वह 5 मार्च (शिवराज जी के जन्मदिन) से अपना आवेदन फॉर्म भर सकता है।
  • तैयारी: यहाँ मुख्य रूप से MPPSC (मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग) और अन्य सरकारी नौकरियों की परीक्षाओं के लिए विशेषज्ञों द्वारा कोचिंग दी जाएगी।

माला और गुलदस्ते को 'ना', पौधों को 'हां'

पर्यावरण के प्रति अपने प्रेम के लिए पहचाने जाने वाले शिवराज सिंह ने एक नई परंपरा की शुरुआत की है। अब उनके स्वागत में माला, शॉल या मोमेंटो की जगह पौधे भेंट किए जाएंगे। उन्होंने अपने दोनों मंत्रालयों में यह नियम लागू कर दिया है। 'शिव वृक्ष मित्र' पोर्टल के जरिए लोग पौधे लगाकर अपनी फोटो अपलोड कर सकेंगे। क्यूआर कोड के जरिए लोग अपनी फोटो पोर्टल पर अपलोड करके शिव वृक्ष मित्र बन सकेंगे।

हर विधानसभा में पहुँचेगा 'चलता-फिरता' अस्पताल

स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए विदिशा संसदीय क्षेत्र की आठों विधानसभाओं में 'मोबाइल हॉस्पिटल' (चलित अस्पताल) चलाए जाएंगे। इसमें डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ हमेशा तैनात रहेगा। यह व्यवस्था सांसद निधि और जनसहयोग के समन्वय से संचालित होगी।

दिव्यांगों और मेधावियों का सम्मान

शिवराज सिंह चौहान ने 'प्रेम सुंदर प्रतिभा सम्मान' की घोषणा की है, जिसके तहत 10वीं और 12वीं में टॉप करने वाले छात्रों को सम्मानित किया जाएगा। वे विदिशा संसदीय क्षेत्र की विधानसभाओं के 10वीं और 12वीं में फर्स्ट, सेकंड और थर्ड आने वाले टॉप थ्री छात्रों को सम्मानित करेंगे। साथ ही, क्षेत्र के दिव्यांगों को खोजकर उन्हें मोटराइज्ड ट्राई साइकिल वितरित की जाएगी, ताकि उनका जीवन सुगम हो सके। 

'मामा का घर' बना सेवा का ठिकाना

भोपाल स्थित अपने बंगले का नाम 'मामा का घर' रखने वाले शिवराज ने स्पष्ट किया है कि वे पद पर रहें या न रहें, जनता के लिए उनके घर के दरवाजे हमेशा खुले हैं। उनकी पत्नी द्वारा संचालित 'संभावना' कोचिंग से पढ़कर अब तक कई छात्र MPPSC में टॉप कर चुके हैं, जिससे प्रेरित होकर अब 'मामा कोचिंग' का विस्तार किया जा रहा है।

साधना सिंह की 'संभावना' कोचिंग

शिवराज सिंह चौहान की पत्नी साधना सिंह चौहान भी लंबे समय से सेवा कार्य में जुटी हैं। उन्होंने 2021 (कोरोनाकाल) में अपने भोपाल स्थित निवास पर 'संभावना' कोचिंग की शुरुआत की थी। यहाँ आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की मुफ्त कोचिंग दी जाती है। अब तक 8 बैच के जरिए लगभग 900 छात्र यहाँ से शिक्षा ले चुके हैं। इस संस्थान की सफलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यहाँ से पढ़कर कई छात्र अफसर बन चुके हैं।

mp news, bhopal news, Shivraj Singh Chouhan, Mama Coaching, Shivraj Singh Chouhan Birthday, Mama Coaching Vidisha, MPPSC Free Coaching, Mobile Hospital Vidisha, Shiv Vriksh Mitra, Sadhna Singh Chouhan, Sambhavna Coaching

यह भी पढ़ें
Here are a few more articles:
Read the Next Article