/bansal-news/media/media_files/2026/03/02/mp-weather-update-march-temperature-rise-rain-forecast-rangpanchmi-alert-hindi-news-zvj-2026-03-02-07-00-53.jpg)
MP Weather Update 02 March 2026: मध्यप्रदेश में सर्दी की विदाई के साथ ही सूरज की तपिश ने लोगों को बेहाल करना शुरू कर दिया है। मार्च के पहले रविवार को ही प्रदेश के अधिकांश शहरों में पारा 30 डिग्री के ऊपर निकल गया। मौसम विभाग (IMD) की मानें तो यह तो बस शुरुआत है; आने वाले दिनों में गर्मी और तीखे तेवर दिखाएगी। हालांकि, इस बढ़ती गर्मी के बीच राहत की खबर यह है कि एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिससे रंगपंचमी के आसपास बादलों की आवाजाही और हल्की बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले 4 दिनों में पारा 4 डिग्री तक और बढ़ने की संभावना जताई है।
MP में मार्च की तपती शुरुआत
मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में कोई मजबूत सिस्टम सक्रिय न होने के कारण तेज धूप निकल रही है। अगले 4 दिनों के दौरान दिन के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की और बढ़ोतरी हो सकती है। पचमढ़ी को छोड़कर प्रदेश के लगभग सभी शहरों में पारा 30 डिग्री के पार बना हुआ है।
रंगपंचमी पर बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार 4 मार्च से सक्रिय हो रहे नए सिस्टम के कारण रंगपंचमी पर बारिश के आसार भी बन रहे हैं। हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय हो रहा है। इसका असर 6 मार्च के आसपास मध्यप्रदेश में दिखाई देगा। इस सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश के कुछ हिस्सों में बादल छा सकते हैं और रंगपंचमी के अवसर पर हल्की बूंदाबांदी या बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की जा सकती है।
पचमढ़ी को छोड़ पूरे प्रदेश में 'हॉट' संडे
मौसम विभाग (IMD) के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश के एकमात्र हिल स्टेशन पचमढ़ी को छोड़ दिया जाए, तो राज्य के सभी शहरों में पारा 30 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर दर्ज किया गया। आसमान साफ रहने और तेज धूप खिलने की वजह से तापमान में यह अचानक उछाल आया है। विशेष रूप से धार, गुना, ग्वालियर, खंडवा, श्योपुर, खजुराहो, मंडला, नरसिंहपुर, सतना और सिवनी में गर्मी का असर ज्यादा रहा, यहाँ तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आंकड़े को पार कर गया।
शनिवार-रविवार की दरमियानी रात प्रदेश के कई हिस्सों में पारा 19 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा। जबलपुर में न्यूनतम तापमान 19.3 डिग्री और सतना में 18.2 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा धार, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, सागर और टीकमगढ़ सहित कई जिलों में रात का पारा 17 डिग्री से ऊपर बना हुआ है, जिससे अब गुलाबी ठंड पूरी तरह गायब हो चुकी है।
अप्रैल-मई में सताएगी 'लू'
लंबी अवधि के पूर्वानुमान में मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इस साल अप्रैल और मई के महीने पिछले सालों का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं। ग्वालियर-चंबल संभाग समेत रीवा, सागर और शहडोल में पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार जाने की उम्मीद है। मार्च के महीने में भी रातें अपेक्षाकृत ठंडी रहेंगी लेकिन दिन का तापमान 40 डिग्री तक पहुंच सकता है।
mp weather update, Bhopal Weather, Bhopal News, MP Weather Update March 2026
/bansal-news/media/agency_attachments/2025/12/01/2025-12-01t081847077z-new-bansal-logo-2025-12-01-13-48-47.png)
Follow Us