
Mahila Swayam Sahayata Samuh Karyshala 2026: भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सेंटर में बुधवार, 25 फरवरी 2026 को स्व-सहायता समूहों की आजीविका मिशन क्षमतावर्धन कार्यशाला का आयोजन किया गया।
मध्यप्रदेश की 12 लाख लखपति बहनों से मुख्यमंत्री ने मजाकिया लहजे में जीजाओं को सबक देने की बात कही, हालांकि, उन्होंने साफ किया कि मैं भड़का नहीं रहा हूं। दूसरी ओर पंचायत मंत्री प्रहलाद पटेल ने खुद की तुलना भक्त प्रहलाद से कर दी।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में 5 लाख से ज्यादा स्वयं सहायता समूह की 65 लाख बहनें काम कर रही हैं। जबकि आर्थिक रूप से सशक्त 12 लाख दीदियां लखपति हो गई हैं। आगे उन्होंने कहा कि अब अगर जीजाजी टेढ़े चलें तो कह देना कि तुम तुम्हारी जानो, अपने पास तो बटुए में भगवान की दया है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट करते हुए कहा कि मैं भड़का नहीं रहा हूं, आपको अपने पैरों पर खड़ा करने का जो सुख है, उसे हम महसूस करते हैं।
कमजोरियों, बुराईयों को जलाएं, कुरीतियों से लड़ें
पंचायत मंत्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि संयोग से मेरा नाम भी प्रहलाद है तो मेरी होली पर आप सभी को शुभाकामनाएं। आगे उन्होंने कहा कि उन कमजोरियों को जलाएं, उन बुराईयों को जलाएं, जो हमें समाज में दिखती हैं। नशे के तौर पर हो या निठल्लेपन के तौर पर हो। हम कुछ कुरीतियों के खिलाफ भी लड़ने का साहस जुटा सकते हैं। मुझे लगता है कि ये साहस मातृ शक्ति में हैं। अगली बार मिले तो हमारी सफलताओं की कहानियों में और भी ऊंचाइयां हो, जो सुनने और देखने में गर्व महसूस करें।
55 जिलों के लिए आजीविका ग्रामीण एक्सप्रेस वाहन
विभिन्न जिलों की स्व-सहायता समूह की दीदियों द्वारा लगाए गए उत्पाद स्टॉलों का मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अवलोकन किया। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने आजीविका ग्रामीण एक्सप्रेस योजना के सात वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सांकेतिक रूप से यह वाहन भोपाल, बैतूल, विदिशा, राजगढ़, ग्वालियर, कटनी रवाना किए गए।
जहां पब्लिक ट्रांसपोर्ट नहीं, उन क्षेत्रों के लिए वाहन
मप्र राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन मुख्य कार्यपालन अधिकारी हर्षिका सिंह ने कहा कि केंद्र की अजीविका ग्रामीण एक्सप्रेस योजना में 55 जिलों के समूह को 260 सवारी और माल वाहक वाहनों के लिए 17 करोड़ से ज्यादा राशि दी गई। ये वाहन उन क्षेत्रों के लिए हैं, जहां पब्लिक ट्रांसपोर्ट उपलब्ध नहींं है।
2 मार्च तक संभाग, जिला स्तर पर होली मेले लगेंगे
मध्यप्रदेश में 25 फरवरी से 2 मार्च तक संभाग और जिला स्तर पर होली मेले का शुभारंभ किया गया। भोपाल में 28 फरवरी और 1 मार्च को आजीविका होली मार्ट का आयोजन जाएगा। इंडिया पोस्ट के साथ एसएजी प्रोडक्ट सप्लाई के लिए और अमेजन सहेली की टीम को ई-कॉमर्स, ब्रॉन्डिंग के लिए एमओयू किया गया।
/bansal-news/media/agency_attachments/2025/12/01/2025-12-01t081847077z-new-bansal-logo-2025-12-01-13-48-47.png)
Follow Us