MP Weather Update: ग्वालियर-विंध्य में घना कोहरा, एमपी में कहीं बढ़ी ठंड तो कहीं पारा 29°C के पार, इन जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट

मध्यप्रदेश में कोहरा, बारिश और ठंड का दौर जारी है। अब 1 फरवरी 2026 को मौसम में बड़े बदलाव के संकेत हैं। ग्वालियर-चंबल और सागर संभाग के 16 जिलों में बारिश और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया गया है।

madhya pradesh weather forecast rain fog alert 16 districts february 2026 hindi news zvj

ग्वालियर-चंबल समेत 16 जिलों में बारिश का अलर्ट।

MP Weather Update 1 February 2026: मध्य प्रदेश में फरवरी की शुरुआत मौसम के मिजाज में बड़े बदलाव के साथ हो रही है, जहाँ बारिश और कोहरा एक साथ परेशानी बढ़ाएंगे। उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं और स्थानीय मौसम तंत्र में बदलाव के कारण राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान में भारी उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रविवार, 1 फरवरी 2026 को प्रदेश के 16 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है। वहीं, ग्वालियर और विंध्य क्षेत्र में घना कोहरा जनजीवन को प्रभावित कर रहा है। 

विंध्य और बुंदेलखंड में ठिठुरन

मध्यप्रदेश में सर्दी का सितम कम होने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को ग्वालियर, दतिया और रीवा संभाग में घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी बेहद कम दर्ज की गई। सुबह के समय दृश्यता शून्य के करीब पहुंच रही है, जिससे यातायात प्रभावित है। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को कटनी का करौंदी क्षेत्र 5.3°C न्यूनतम तापमान के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा। वहीं, हिल स्टेशन खजुराहो में पारा 6°C तक लुढ़क गया। प्रदेश में सबसे अधिक दिन का तापमान खरगोन में 29.4°C और रात का पारा बड़वानी के तालुन में 18°C रहा।

16 जिलों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने रविवार के लिए जो पूर्वानुमान जारी किया है, उसके मुताबिक प्रदेश के उत्तरी और मध्य हिस्सों में झंझावत (Thunderstorm) की स्थिति बन सकती है। विदिशा, राजगढ़, रतलाम, आगर, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुरकलां, दमोह और सागर जिलों में हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है। मौसम विभाग ने गरज-चमक और बारिश का अलर्ट जारी किया है।

मौसम में बदलाव, तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी

प्रदेश में शनिवार को मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिला। प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में आसमान साफ रहने से रात के तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हुई और ठंड से मामूली राहत मिली। हालांकि, रीवा, सीधी, छतरपुर और दमोह में दिनभर कड़ाके की ठंड (शीतल दिन) महसूस की गई। कोहरे की बात करें तो ग्वालियर, रीवा और दतिया में सुबह घना कोहरा छाया रहा, जबकि विंध्य और बुंदेलखंड के जिलों में ठंडी हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी। पूरे प्रदेश में केवल गुना में ही हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। हालांकि इलाके में बादल छाए रहे।

भोपाल और इंदौर में मौसम कैसा रहेगा? 

भोपाल में बादल छाए रहेंगे और हल्की धुंध रहेगी, हालांकि बारिश के आसार नहीं हैं। दिन और रात के तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, शनिवार को यहाँ न्यूनतम तापमान 12°C दर्ज किया गया। इंदौर में मौसम साफ रहेगा और तापमान में बढ़ोतरी होगी। रविवार को अधिकतम पारा 28°C तक जा सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 16°C से 18°C के बीच रहेगा। फिलहाल इंदौर के लिए कोई बड़ा अलर्ट नहीं है।

MP Weather Update February 2026, MP Weather Update, MP Rain Alert, Gwalior Weather, indore Weather, Bhopal Weather, Weather News, IMD Alert MP, aaj ka mousam, MP weather forecast, mp rain alert

यह भी पढ़ें
Here are a few more articles:
Read the Next Article