/bansal-news/media/media_files/2026/01/29/madhya-pradesh-bhopal-food-department-raid-indane-gas-agency-cylinder-theft-case-hindi-news-zvj-2026-01-29-21-02-58.jpg)
Bhopal Gas Cylinder Theft Raid: राजधानी भोपाल में घरेलू गैस सिलेंडरों से गैस चोरी के मामले में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। खाद्य विभाग और नापतौल विभाग की संयुक्त टीम ने अयोध्या बायपास स्थित सैनी इंडेन गैस एजेंसी के एक डिलीवरी वाहन को पकड़कर बड़ा खुलासा किया है। अधिकारियों ने पाया कि सील बंद सिलेंडरों से अवैध रूप से गैस निकालकर ग्राहकों को चूना लगाया जा रहा था। जांच में 45 सील पैक सिलेंडरों में निर्धारित मात्रा से 3 किलो गैस कम मिली है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने वाहन और 90 सिलेंडरों को जब्त कर लिया है।
भोपाल में गैस चोरी का बड़ा खुलासा
भोपाल में रसोई गैस उपभोक्ताओं की शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए खाद्य विभाग ने एक बड़ी छापामार कार्रवाई को अंजाम दिया है। जिला आपूर्ति नियंत्रक चंद्रभान सिंह जादौन के मार्गदर्शन में टीम ने सागर एवेन्यू, अयोध्या बायपास पर सैनी इंडेन गैस एजेंसी के डिलीवरी वाहन (MP04GA7256) को रोककर सघन जांच की। जिसमें सामने आया कि सील के साथ छेड़छाड़ कर सिलेंडर से गैस निकाली जा रही थी।
सील के साथ छेड़छाड़, कम निकली गैस
कार्रवाई के दौरान जब नापतौल निरीक्षक की मौजूदगी में वाहन में लदे 90 सिलेंडरों का वजन किया गया, तो अधिकारी भी दंग रह गए। यहां सील बंद सिलेंडरों से गैस चोरी कर उसे खाली सिलेंडरों में रिफिल किया जा रहा था। वाहन में रखे 45 सील पैक गैस सिलेंडरों में निर्धारित 14.2 किलोग्राम की मात्रा के मुकाबले लगभग 3 किलोग्राम गैस कम पाई गई। चौंकाने वाली बात यह है कि इन सिलेंडरों से निकाली गई गैस को 6 अन्य खाली सिलेंडरों में भरा गया था।
ट्रक में लोड सभी 90 गैस सिलेंडर जब्त
विभागीय टीम ने मौके से ट्रक और सभी 90 गैस सिलेंडरों को जब्त कर लिया है। जब्त की गई कुल सामग्री की कीमत लगभग 5 लाख रुपये आंकी गई है। ट्रक को सुरक्षा की दृष्टि से अयोध्या नगर थाने की अभिरक्षा में दे दिया गया है, जबकि सिलेंडर दूसरी एजेंसी की सुपुर्दगी में दिए गए हैं।
कलेक्टर न्यायालय में केस चलाने की तैयारी
जिला आपूर्ति नियंत्रक चंद्रभान सिंह जादौन ने बताया कि विभाग ने अनियमितता का पुख्ता प्रकरण तैयार कर लिया है, जिसे जल्द ही कलेक्टर न्यायालय में पेश किया जाएगा। विभाग टीम ने 5 लाख रुपए का सामान जब्त कर ट्रक को थाने में खड़ा करवाया गया है। कोर्ट के फैसले के आधार पर ही एजेंसी के खिलाफ आगामी दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। यह पूरी छापामार कार्रवाई कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी तृणाल जांभोलकर और नापतौल निरीक्षक रायकवार की सक्रिय मौजूदगी में संपन्न हुई।
Bhopal Gas Agency Raid, Saini Indane Gas Agency, Gas Theft Case Bhopal, Food Department Action, Domestic Gas Cylinder Weight, Ayodhya Bypass Bhopal News
/bansal-news/media/agency_attachments/2025/12/01/2025-12-01t081847077z-new-bansal-logo-2025-12-01-13-48-47.png)
Follow Us