MPESB: मध्यप्रदेश कर्मचारी मंडल जल्द ही एक खुशखबरी देने जा रहा है। ये खुशखबरी उन 13 प्रतिशत OBC कैंडिडेट्स के लिए है जिन्होंने 2022 में ग्रुप-3 की संयुक्त परीक्षा दी थी। इन 13 प्रतिशत OBC कैंडिडेट्स को जल्दी ही नौकरी मिलने वाली है। दरअसल, GAD ने 13 प्रतिशत OBC कैंडिडेट्स की नियुक्ति रोकने वाला आदेश वापस ले लिया है। इसलिए अब उनकी नौकरी का रास्ता साफ हो गया है।
2022 में हुई थी संयुक्त परीक्षा
कर्मचारी चयन मंडल ने 2022 में ग्रुप-3 की सब-इंजीनियर, ड्राफ्ट्समैन और टाइमकीपर के समकक्ष पदों पर सीधी और बैकलॉग भर्ती के लिए संयुक्त परीक्षा आयोजित की थी। इसका रिजल्ट 10 फरवरी 2023 को घोषित किया गया था।
क्या था GAD का आदेश
27 मार्च 2023 को GAD ने आदेश जारी करके कहा था कि कर्मचारी चयन मंडल ने विभागों जो सिलेक्शन लिस्ट दी है उसमें से 87 प्रतिशत खाली पदों पर ही नियुक्ति के आदेश जारी किए जाएं। GAD ने 13 प्रतिशत पदों पर नियुक्ति करने पर रोक लगाई थी। अब GAD ने इस आदेश को वापस ले लिया है।
ये खबर भी पढ़ें: मध्यप्रदेश में नया बिजली कनेक्शन चाहिए तो आपको भरना पड़ेगा दूसरे का बकाया बिल
नियुक्ति देने में लगाया जा रहा था 87-13 का फॉर्मूला
प्रदेश में ओबीसी आरक्षण को लेकर कोर्ट में केस चल रहा था। सरकारी नौकरियों में 87-13 का फॉर्मूला लगाया जा रहा था। जनरल और ओबीसी कैंडिडेट्स की लिस्ट अलग-अलग बनाई जा रही थी। 87 प्रतिशत पदों पर नियुक्ति दी जा रही थी। वहीं 13 प्रतिशत पदों पर लिस्ट होल्ड रखा जा रहा था।