/bansal-news/media/post_attachments/wp-content/uploads/2024/06/REWA-MURDER.png)
रीवा: मध्य प्रदेश के रीवा जिले में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पति ने पत्नी और अपने 1 साल की बच्ची की हत्या कर कुल्हाड़ी से उनके शवों के कई टुकड़े कर दिए। इसके बाद आरोपी शवों के टुकड़ों को एक बोरी में भरकर घर में करीब 24 घंटे तक रखा रहा।
बोरी में भरकर फेंकने जा रहा था शव
बीते गुरुवार की शाम जब आरोपी अंधेरे का फायदा उठाते हुए शवों को ठिकाने लगाने जा रहा था तभी गांववालों को शक हुआ और जब उन्होंने उसे पकड़ा तो उनके भी होश उड़ गए। शवों के टुकड़े देखते ही ग्रामीणों ने तत्काल फोनकर पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
मऊगंज थाना क्षेत्र की घटना
यह घटना रीवा जिले में स्थित मऊगंज थाना क्षेत्र के रामनगर गांव की है। मिली जानकारी के अनुसार आरोपी की यह दूसरी शादी थी। इससे पहले भी पहली पत्नी से उनकी रोजाना मारपीट होती थी जिससे तंग आकर उसने फांसी लगा ली थी। इसके बाद उसने अपनी ही विधवा भाभी से दूसरी शादी कर ली थी। दोनों के एक साल की बेटी भी थी। घटना वाले दिन भी वह किसी को शक ना हो इसलिए पूरे दिन गांव में घूमता रहा। घटना को अंजाम देने के बाद उसने घर की साफ-सफाई भी कर दी थी।
जांच में जुटी पुलिस
वहीं इस पूरे मामले में पुलिस का कहना है कि, शुरुआती जांच में चरित्र संदेह के चलते हत्या होने की बात सामने आ रही है। आरोपी की पहली पत्नी की आत्महत्या भी शक के दायरे में है। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच चल रही है।
/bansal-news/media/agency_attachments/2025/12/01/2025-12-01t081847077z-new-bansal-logo-2025-12-01-13-48-47.png)
Follow Us