BJP MLA Narayan Tripathi: मप्र के भाजपा विधायक ने पीएम मोदी को लिखा पत्र, कोरोना महामारी के बीच कर डाली यह मांग…

भोपाल। प्रदेश में कोरोना के कहर के चलते सख्ती तेज कर दी है। राजधानी समेत अन्य शहरों में लॉकडाउन लगाने की घोषणा भी कर दी गई है। साथ ही प्रदेश के धार्मिक स्थलों को भी बंद किया जा रहा है। हाल ही में महाकाल मंदिर के बाद मैहर माता का मंदिर भी बंद कर दिया है। इसी को लेकर मैहर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक नारायण त्रिपाठी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। त्रिपाठी ने अपने पत्र में मांग की है कि धार्मिक स्थल पूरी तरह से बंद न किए जाएं।
त्रिपाठी ने कहा कि अगर लॉकडाउन की संभावना बनती है तो ऐसी स्थिति में धार्मिक स्थलों पर बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगाना चाहिए। वहीं स्थानीय लोगों को भावना के अनुरूप धार्मिक स्थलों में सीमित संख्या में आने-जाने की छूट की जानी चाहिए। स्थानीय लोगों की आस्था मंदिर से जुड़ी रहती है और उन्हें दर्शन मिलने की अनुमति मिलनी चाहिए।
मजदूरों को लेकर भी की यह अपील…
त्रिपाठी ने मजदूरों की बात भी पीएम मोदी को भेजे अपने पत्र में की है। त्रिपाठी ने कहा कि अपने घरों से हजारों मील दूर शहरों में रहकर मजदूर किसी तरह अपना पेट पालते हैं। कोरोना के बढ़ते संक्रमण के चलते लॉकडाउन की स्थितियों को देखकर वह भय में जी रहे हैं। इसी के चलते मजदूर घर वापसी भी कर रहे हैं। ऐसे में रेलवे स्टेशनों पर भी भीड़ बढ़ने लगी है। पिछले साल भी हमने मजदूरों की वापसी के दौरान उनकी तकलीफों को देखा था।
अब इस बार फिर वही संभावना बनती दिख रही है। त्रिपाठी ने मोदी को संबोधित करते हुए लिखे पत्र में कहा कि हर नागरिक को आपमें विश्वास है। इसलिए घरों से हजारों मील दूर रहे मजदूरों की बात को भी अपने मन की बात के कार्यक्रम में शामिल करें। बता दें कि प्रदेश में कोरोना महामारी के चलते प्रदेश के बड़े धार्मिक स्थल बंद कर दिए गए हैं।