America-Israel vs Iran War: अमेरिका-इजरायल का ईरान पर अटैक, दुबई-कतर-बाहरीन में US मिलिट्री बेस पर ईरान ने मिसाइले दागीं, 40 छात्राओं की मौत

अमेरिका-इजराइल की संयुक्त सैन्य कार्रवाई के बाद ईरान ने इजराइल, दुबई और अबू धाबी पर मिसाइलें दागीं। कतर, बहरीन और अन्य खाड़ी देशों में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को भी निशाना बनाया गया। हमलों में एक व्यक्ति की मौत हुई और क्षेत्र में तनाव चरम पर है।

एडिट
Israel US Joint Strike Iran Tehran Iran Missile Attack on Israel latest udpate hindi news zxc

America-Israel vs Iran War:  मध्य पूर्व में तनाव चरम पर पहुंच गया है। शनिवार सुबह भारतीय समयानुसार इजराइल ने ईरान की राजधानी तेहरान समेत कई प्रमुख शहरों पर सैन्य हमला किया। इसके तुरंत बाद ईरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए इजराइल की ओर मिसाइलें दागनी शुरू कर दीं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान ने अब तक करीब 400 मिसाइलें दागी हैं।

ईरान ने इजराइल के अलावा कुवैत, कतर, बहरीन और सऊदी अरब में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को भी निशाना बनाया है। इतना ही नहीं, संयुक्त अरब अमीरात के प्रमुख शहर दुबई और अबू धाबी पर भी मिसाइल हमलों की खबर है। अबू धाबी में एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कुछ इलाकों में नुकसान की सूचना है।

इजराइल ने अपने इस अभियान को ‘लियोनस् रोर’ नाम दिया है। बताया जा रहा है कि इस कार्रवाई में अमेरिका भी शामिल है। अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार यह अमेरिका और इजराइल का संयुक्त सैन्य अभियान है। इजराइल ने ईरान के खुफिया मंत्रालय, रक्षा मंत्रालय, सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के कार्यालय और परमाणु ऊर्जा संगठन को निशाना बनाया। हमलों के बाद खामेनेई को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है। 

Israel US Joint Strike Iran Tehran Iran Missile Attack on Israel latest udpate hindi news zxc

इस बीच जॉर्डन की सेना ने दावा किया कि उसके हवाई क्षेत्र के ऊपर दो बैलिस्टिक मिसाइलें देखी गईं, जिन्हें एयर डिफेंस सिस्टम ने हवा में ही मार गिराया। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका कि ये मिसाइलें किस ओर से दागी गई थीं।

UAE के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि देश पर हुए हमले को एयर डिफेंस सिस्टम ने काफी हद तक नाकाम कर दिया, लेकिन मिसाइल के टुकड़े गिरने से एक व्यक्ति की जान गई। मंत्रालय ने इस हमले को अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन बताया और जवाबी कार्रवाई का अधिकार सुरक्षित रखने की बात कही। 

यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है जब अमेरिका और ईरान के बीच परमाणु कार्यक्रम को लेकर बातचीत चल रही थी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने पहले ही ईरान को कड़ी चेतावनी दी थी। उनका कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य अमेरिका और उसके नागरिकों को संभावित खतरे से बचाना है, साथ ही ईरान के मिसाइल कार्यक्रम को कमजोर करना है। 

  • Feb 28, 2026 19:58 IST

    इजरायल इमले में ईरान के रक्षा मंत्री की मौत का दावा

    Iran

    अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, इजराइल द्वारा किए गए इन हमलों में ईरान के रक्षा मंत्री अमीर नासिरजादेह और इस्लामिक रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स कोर (IRGC) के प्रमुख कमांडर मोहम्मद पाकपोर की मौत हो गई है। इन दोनों शीर्ष सैन्य और रणनीतिक हस्तियों का मारा जाना ईरान के रक्षा तंत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। हालांकि, ईरान की ओर से अभी तक इन विशिष्ट मौतों पर कोई आधिकारिक पुष्टि या खंडन जारी नहीं किया गया है, लेकिन इस दावे ने मध्य पूर्व में जारी युद्ध की गंभीरता को एक नए और विनाशकारी मोड़ पर लाकर खड़ा कर दिया है।

  • Feb 28, 2026 19:43 IST

    इजरायल का दावा- हमले में ईरान के हाई रैंक अफसरों की मौत

    इजरायल ने ईरान पर किए गए अपने हालिया हमलों को लेकर एक बड़ा दावा पेश किया है। इजरायली सैन्य सूत्रों और रक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, उनके हवाई हमलों का मुख्य उद्देश्य ईरान के उच्च पदों पर बैठे वरिष्ठ सैन्य और रणनीतिक अधिकारियों को निशाना बनाना था। इजरायल का कहना है कि इस लक्षित कार्रवाई में ईरान के कई हाई-रैंक अधिकारियों की मौत हुई है, जिससे ईरानी सुरक्षा तंत्र को गहरा आघात पहुंचा है। हालांकि, ईरान की ओर से अभी तक इन विशिष्ट मौतों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

  • Feb 28, 2026 19:43 IST

    ईरान का दावा- इजरायल-यूएस पर अभी कबाड़ मिसाइलें ही दागीं 

    ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के कमांडर जबारी ने बयान जारी करते हुए दावा किया है कि तेहरान ने इजरायल और क्षेत्र में स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डों पर अब तक केवल अपनी पुरानी और कबाड़ मिसाइलों का ही इस्तेमाल किया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि ईरान बहुत जल्द अपने सबसे आधुनिक और अत्यधिक मारक हथियारों के साथ हमले शुरू करने जा रहा है, जो युद्ध की विभीषिका को और बढ़ा सकते हैं। 

  • Feb 28, 2026 19:26 IST

    दुबई के लिए रवाना एक उड़ान तिरुचिरापल्ली वापस लौटी

    Breaking News Live Update 28 February

    तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से दुबई के लिए रवाना हुई एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक उड़ान को मध्य पूर्व में जारी युद्ध की भीषण स्थिति के कारण बीच रास्ते से वापस लौटना पड़ा है। 145 यात्रियों को लेकर दोपहर करीब 12:45 बजे उड़ान भरने वाले इस विमान ने सुरक्षा कारणों और हवाई क्षेत्र की अनिश्चितता को देखते हुए यू-टर्न लिया और सुरक्षित रूप से वापस त्रिची एयरपोर्ट पर लैंडिंग की। हवाई अड्डे से प्राप्त दृश्यों में विमान की वापसी के बाद यात्रियों के बीच चिंता और सुरक्षा इंतजामों की सक्रियता साफ देखी जा सकती है। फिलहाल, एयरलाइन प्रबंधन और एयरपोर्ट अधिकारी स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

  • Feb 28, 2026 19:18 IST

    UAE की एडवाइजरी, गैर-जरूरी यात्रा से बचें, इमरजेंसी टोल फ्री नंबर जारी

    UAE

    यूनाइटेड अरब अमीरात (UAE) में मौजूदा क्षेत्रीय हालातों और सुरक्षा संवेदनशीलता को देखते हुए वहां रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए एक जरूरी आधिकारिक एडवाइजरी जारी की गई है। इस परामर्श में सभी भारतीयों को विशेष सावधानी बरतने और फिलहाल किसी भी प्रकार की गैर-जरूरी यात्रा से बचने का सख्त सुझाव दिया गया है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने आसपास की गतिविधियों को लेकर पूरी तरह सतर्क रहें और स्थानीय यूएई अधिकारियों के साथ-साथ भारतीय दूतावास द्वारा समय-समय पर जारी किए जाने वाले सुरक्षा दिशानिर्देशों का कड़ाई से पालन करें। राहत की बात यह है कि अबू धाबी स्थित भारतीय दूतावास और दुबई में भारत का दूतावास पूरी तरह सक्रिय हैं और सामान्य रूप से कामकाज जारी रखे हुए हैं। दूतावास प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वे स्थिति पर निरंतर नजर बनाए हुए हैं और जरुरत अनुसार अपडेट जारी करते रहेंगे। किसी भी आपातकालीन स्थिति या सहायता के लिए भारतीय नागरिक टोल फ्री नंबर 800-46342 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा, व्हाट्सएप नंबर +971543090571 और आधिकारिक ईमेल आईडी pbsk.dubai@mea.gov.in व ca.abudhabi@mea.gov.in के माध्यम से भी मदद मांगी जा सकती है।

  • Feb 28, 2026 18:40 IST

    खड़गे की केंद्र सरकार से अपील, भारतीय नागरिकों की सुरक्षा के ठोस कदम उठाएं

    Malllikarjun Kharge

    कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की है। खड़गे ने केंद्र सरकार से पुरजोर मांग की हैं कि पश्चिम एशिया में बिगड़ते हालातों के मद्देनजर भारतीय प्रवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल और ठोस कदम उठाए जाएं। उन्होंने आगाह किया कि हालिया सैन्य घटनाक्रमों ने पूरे मध्य-पूर्व की स्थिरता को खतरे में डाल दिया है, जिससे वहां रह रहे हजारों भारतीयों के जीवन पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में क्षेत्र में शांति और स्थिरता बहाल करना वैश्विक प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने भारत सरकार से अपील की है कि वह ईरान और अन्य प्रभावित खाड़ी देशों में मौजूद भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे और उनकी सुरक्षित घर वापसी या बचाव के लिए सभी जरूरी कूटनीतिक और लॉजिस्टिक इंतजाम करें।

  • Feb 28, 2026 18:34 IST

    इजराइल में राष्ट्रव्यापी इमरजेंसी घोषित, स्कूल-दफ्तर बंद, अस्पताल बंकरों में शिफ्ट

    इजराइल सरकार ने पूरे देश में कड़े प्रतिबंध लागू कर दिए हैं। रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने आधिकारिक तौर पर राष्ट्रव्यापी आपातकाल (इमरजेंसी) की घोषणा कर दी है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि ईरान की ओर से किसी भी समय बड़े पैमाने पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए जा सकते हैं। नागरिकों के एक जगह इकट्ठा होने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। एहतियात के तौर पर सभी स्कूल, शैक्षणिक संस्थान और कई सरकारी व निजी दफ्तरों को अनिश्चितकाल के लिए बंद करने के आदेश दिए गए हैं। अस्पतालों में भी युद्ध स्तर पर तैयारियां देखी जा रही हैं, जहां भर्ती मरीजों को सुरक्षा के लिहाज से अस्पतालों के नीचे बने विशेष सुरक्षित कमरों और बंकरों में स्थानांतरित कर दिया गया है।

  • Feb 28, 2026 18:31 IST

    फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों की गंभीर चेतावनी, वैश्विक शांति के लिए बताया बड़ा खतरा

    ईरान-इजराइल के बीच बढ़ते तनाव पर फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने अपनी कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। राष्ट्रपति मैक्रों ने वर्तमान स्थिति को अत्यंत चिंताजनक बताते हुए कहा कि अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच बढ़ता यह युद्ध न केवल क्षेत्रीय बल्कि संपूर्ण विश्व की शांति और सुरक्षा के लिए एक बड़ा खतरा बनकर उभरा है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय को आगाह किया कि जमीनी हालात तेजी से हाथ से निकलते जा रहे हैं और इस बढ़ते तनाव को तत्काल प्रभाव से रोकना अब अनिवार्य हो गया है, अन्यथा इसके परिणाम वैश्विक स्तर पर विनाशकारी हो सकते हैं। मैक्रों ने कहा कि उनका प्रशासन अपने देश की सीमाओं, फ्रांसीसी नागरिकों और मध्य पूर्व में मौजूद अपने रणनीतिक हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह मुस्तैद है। उन्होंने जोर देकर कहा कि फ्रांस किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए हर संभव तैयारी कर रहा है। यदि उनके मित्र राष्ट्र सुरक्षा की मांग करते हैं, तो फ्रांस उनकी रक्षा के लिए हर जरूरी और ठोस कदम उठाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

  • Feb 28, 2026 17:39 IST

    ईरान का बड़ा ड्रोन अटैक, इजराइल पर दर्जनों हमलावर ड्रोन दागे

    ईरान की सेना ने घोषणा की है कि उसने इजराइल के खिलाफ बड़े पैमाने पर ड्रोन हमला किया है। सैन्य अधिकारियों के मुताबिक, इस कार्रवाई में दर्जनों हमलावर ड्रोन छोड़े गए।

    ईरान ने कहा कि यह हमला अमेरिका और इजराइल द्वारा की गई सैन्य कार्रवाई के जवाब में किया गया है। क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच इस घटनाक्रम ने हालात को और गंभीर बना दिया है।

  • Feb 28, 2026 17:38 IST

    मीनाब में इजराइली हमले का दावा, 40 छात्राओं की मौत, 45 घायल

    ईरान के मीनाब शहर में इजराइली हमले में 40 छात्राओं की मौत और 45 के घायल होने की खबर सामने आई है। यह जानकारी ईरानी समाचार एजेंसी फार्स ने अपनी रिपोर्ट में दी है।

    रिपोर्ट के अनुसार, घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। हालांकि इस घटना पर इजराइल की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

  • Feb 28, 2026 17:24 IST

    मीनाब में इजराइली हमले से 24 छात्राओं की मौत का दावा

    ईरान के मीनाब शहर में इजराइली हमले में 24 छात्राओं की मौत होने की खबर है। यह दावा ईरानी समाचार एजेंसी फार्स ने अपनी रिपोर्ट में किया है।

    रिपोर्ट के मुताबिक, हमले के बाद इलाके में शोक और तनाव का माहौल है। हालांकि इस घटना को लेकर इजराइल की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

  • Feb 28, 2026 17:15 IST

    उत्तरी इराक में अमेरिकी सैन्य अड्डे पर मिसाइल हमले का दावा

    उत्तरी इराक में स्थित एक अमेरिकी सैन्य बेस को निशाना बनाकर मिसाइल हमला किए जाने का दावा किया गया है। यह जानकारी ईरान के सरकारी मीडिया IRIB ने दी है।

    रिपोर्ट के अनुसार, हमले के बाद इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है। हालांकि इस संबंध में अमेरिकी पक्ष की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।

  • Feb 28, 2026 17:14 IST

    मिडल ईस्ट में तनाव के बीच एयरलाइंस की एडवाइजरी, उड़ानें प्रभावित होने की आशंका

    America-Israel vs Iran War

    ईरान और इजराइल के बीच बढ़ते सैन्य टकराव की गंभीरता को देखते हुए इंडिगो ने अपने यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। इंडिगो ने स्पष्ट किया कि ईरान और उसके पड़ोसी देशों के हवाई क्षेत्र में हो रहे घटनाक्रमों पर बारीकी से नजर रख रही हैं। सुरक्षा कारणों से कई रूट बदले जा सकते हैं। उड़ानों के संचालन को लेकर पल-पल की स्थिति को ट्रैक किया जा रहा है। सुरक्षा मानकों के आधार पर उड़ानों के मार्ग में बदलाव या रद्दीकरण (Cancellation) का निर्णय लिया जा सकता है। सभी यात्रियों को सलाह दी गई कि वे एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस (Flight Status) जरूर चेक करें।

  • Feb 28, 2026 17:14 IST

    एअर इंडिया समेत 12 एयरलाइंस ने वॉर जोन में फ्लाइट्स रोकीं

    ईरान-इजराइल वॉर की वजह से कई एयरलाइंस ने इस क्षेत्र की उड़ानें रद्द कर दी हैं।

    1. एयर फ्रांस
    2. एयर इंडिया
    3. इबेरिया एक्सप्रेस
    4. इंडिगो
    5. जापान एयरलाइंस
    6. लॉट एयरलाइंस
    7. लुफ्थांसा
    8. नॉर्वेजियन एयर
    9. टर्किश एयरलाइंस
    10. वर्जिन एटलांटिक
    11. कतर एयरवेज
    12. एयर अल्जीरिया

  • Feb 28, 2026 17:13 IST

    ब्रिटिश एयरवेज ने तेल अवीव के लिए उड़ाने बंद कर दी है

    मिडिल ईस्ट में लगातार हमलों के बीच ब्रिटिश एयरवेज ने बयान जारी करते हुए 3 मार्च तक तेल अवीव और बहरीन के लिए सभी उड़ाने रद्द कर दी हैं।
    एयरलाइन ने बताया कि सुरक्षा सबसे जरूरी है और वह अपने कस्टमर्स को उनकी यात्रा के अन्य ऑप्शन के बारे में बता रही है।

  • Feb 28, 2026 17:10 IST

    ईरानी हमले पर कतर का कड़ा रुख, जवाबी कार्रवाई करेंगे

    कतर के विदेश मंत्रालय ने ईरानी हमले की निंदा करते हुए कहा है कि देश को इसका जवाब देने का पूरा अधिकार है। मंत्रालय ने बयान में कहा कि कतर की जमीन को मिसाइलों से निशाना बनाना अस्वीकार्य है और यह राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है।

    विदेश मंत्रालय ने यह भी कहा कि ऐसे हमले न सिर्फ कतर की संप्रभुता का उल्लंघन हैं, बल्कि पूरे क्षेत्र की शांति और स्थिरता को भी प्रभावित करते हैं।

  • Feb 28, 2026 17:08 IST

    इजराइली अधिकारी बोले - खामेनेई को निशाना बनाया था

    रॉयटर्स के बात के दौरान एक इजराइली अधिकारी बोले अमेरिकी-इजराइली हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता अय़ातुल्ला अली खामेनेई और ईरानी राष्ट्रपति मसूद पजेश्कियान दोनों को निशाना बनाया गया। हालांकि सूत्र के हवाले से मिली खबर के मुताबिक खामेनेई तेहरान में नहीं थे और सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है। 

    इससे पहले रॉयटर्स ने एक सूत्र के हवाले से बताया था कि खामेनेई तेहरान में नहीं थे और उन्हें एक सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया था।

  • Feb 28, 2026 17:00 IST

    ईरान की सख्त चेतावनी, अमेरिका-इजराइल को समर्थन देने वाले ठिकाने होंगे निशाने पर

    ईरान के जनरल स्टाफ ने कड़ा बयान जारी करते हुए कहा है कि जो भी सैन्य अड्डे अमेरिका और इजराइल को किसी भी रूप में समर्थन दे रहे हैं, उन्हें ईरानी सेना संभावित लक्ष्य के रूप में देखेगी।

    बयान में स्पष्ट किया गया कि क्षेत्र में चल रहे तनाव के बीच ऐसे सभी ठिकानों पर कार्रवाई की जा सकती है जो विरोधी देशों को सहयोग प्रदान कर रहे हैं।

  • Feb 28, 2026 16:57 IST

    मीनाब में स्कूल पर हमले से 5 छात्राओं की मौत

    ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA के अनुसार, इजराइली हमले में मीनाब शहर स्थित एक स्कूल को निशाना बनाया गया। इस हमले में पांच छात्राओं की जान चली गई।

    रिपोर्ट के मुताबिक, हमले के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है और स्थानीय प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है।

  • Feb 28, 2026 16:57 IST

    Middle east के लिए एयर इंडिया ने सभी फ्लाइट्स कैंसिल की

    ईरान-इजरायल के बीच चल रही जंग की वजह से एयर इंडिया ने मिडिल ईस्ट के लिए सभी फ्लाइट कैंसिल कर दी है।

  • Feb 28, 2026 16:54 IST

    यूक्रेन के विदेश मंत्रालय ने कहा मौजूदा हालातों के लिए ईरान के आला अधिकारी जिम्मेदार

    यूक्रेन के विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा है कि ईरान में बढ़ता तनाव वहां की मौजूदा सत्ता के फैसलों का परिणाम है। मंत्रालय के अनुसार, हालात के लिए ईरानी नेतृत्व जिम्मेदार है।

    बयान में यह भी कहा गया कि यूक्रेन ईरान की जनता के साथ एकजुटता प्रकट करता है। साथ ही, उसने वहां शासन परिवर्तन की अपनी पहले की मांग को दोहराया है।

  • Feb 28, 2026 16:52 IST

    ईरान ने सभी देशों से इजरायल के हमले की निंदा करने की अपील की

    नई दिल्ली स्थित ईरान के दूतावास ने अमेरिका और इजराइल द्वारा किए गए हमलों की कड़ी निंदा की है। दूतावास ने बयान जारी कर कहा कि ये हमले ईरान की संप्रभुता पर सीधा और अवैध आक्रमण हैं।

    बयान में कहा गया है कि यह कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय कानून और संयुक्त राष्ट्र के सिद्धांतों का स्पष्ट उल्लंघन है। दूतावास के अनुसार, इस तरह के हमले यह दर्शाते हैं कि संबंधित देशों को क्षेत्रीय शांति और वैश्विक सुरक्षा की कोई चिंता नहीं है।

    ईरान ने दोहराया कि उसे अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा का पूरा अधिकार है। दूतावास ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार के हमले का उचित जवाब दिया जाएगा। साथ ही दुनिया के स्वतंत्र देशों से अपील की गई है कि वे इन हमलों की निंदा करें और अंतरराष्ट्रीय कानून तथा देशों की संप्रभुता का सम्मान सुनिश्चित करें।

यह भी पढ़ें
Here are a few more articles:
Read the Next Article