Breaking News Live Update 4 February: पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ बोले-टी20 वर्ल्ड कप में हिंदुस्तान के खिलाफ नहीं खेलेंगे, हम बांग्लादेश के साथ हैं

देश-विदेश की बड़ी खबरें, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश का बड़ा घटनाक्रम। राजनीतिक गलियारों में किस मुद्दे पर सरगर्मी है। खेल और मनोरंजन की दुनिया में क्या चल रहा है। पढ़ें आज 4 फरवरी की लेटेस्ट न्यूज

एडिट
WhatsApp Image 2026-

Breaking News Live Update 4 February: देश-विदेश की बड़ी खबरें, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश का बड़ा घटनाक्रम। राजनीतिक गलियारों में किस मुद्दे पर सरगर्मी है। खेल और मनोरंजन की दुनिया में क्या चल रहा है। पढ़ें आज 4 फरवरी की लेटेस्ट न्यूज...

  • Feb 04, 2026 23:45 IST

    पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ बोले-टी20 वर्ल्ड कप में हिंदुस्तान के खिलाफ नहीं खेलेंगे, हम बांग्लादेश के साथ हैं

    पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ ने कहा कि टी20 वर्ल्ड कप के हवाले से हमने डिसीजन लिया है कि हम हिंदुस्तान के खिलाफ मैच नहीं खेलेंगे। क्योंकि पाकिस्तान ने कहा कि खेल का मैदान है ये सियासत नहीं है। खेल के मैदान में सियासत बिल्कुल नहीं होनी चाहिए। ये हमने बड़ा सोच-समझकर स्टैंड लिया है। इस हवाले से हमें बांग्लादेश के साथ पूरी तरह खड़े होना चाहिए इंशाअल्लाह।

  • Feb 04, 2026 19:43 IST

    सुप्रीम कोर्ट ने कहा-सोनम वांगचुक की हालत ठीक नहीं, हिरासत के फैसले पर फिर से विचार करे सरकार

    sonam wangchuk

    सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को केंद्र सरकार से कहा कि वह क्लाइमेट एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक को नेशनल सिक्योरिटी एक्ट (NSA) के तहत हिरासत में लेने के अपने फैसले पर फिर से विचार करे। जस्टिस अरविंद कुमार और पीबी वराले की बेंच वांगचुक की पत्नी गीतांजलि जे आंगमो की तरफ से उनकी निवारक हिरासत के खिलाफ दायर याचिका पर सुनवाई की। कोर्ट ने केंद्र सरकार की तरफ से पेश हुए एडिशनल सॉलिसिटर जनरल केएम नटराज से कहा कि दलीलों, जवाबी दलीलों और कानूनी बातों के अलावा, कोर्ट के एक अधिकारी के तौर पर इस पर जरा सोचिए। हिरासत का आदेश 26 सितंबर 2025 को पास किया गया था, लगभग पांच महीने पहले। हिरासत में लिए गए व्यक्ति की सेहत को देखते हुए... जो निश्चित रूप से बहुत अच्छी नहीं है। हमने जो रिपोर्ट पहले देखी थी, उससे पता चलता है कि उनकी सेहत उतनी अच्छी नहीं है। कुछ उम्र से जुड़ी दिक्कतें हैं, या शायद कुछ और। क्या सरकार के लिए इस पर दोबारा सोचने, फिर से देखने की कोई संभावना है?" ASG नटराज ने कहा कि वह इस सुझाव को अधिकारियों के सामने रखेंगे।

  • Feb 04, 2026 17:40 IST

    7-8 फरवरी को मलेशिया जाएंगे पीएम मोदी

  • Feb 04, 2026 17:34 IST

    हरदीप सिंह पुरी का राहुल गांधी पर हमला

    “सिर्फ इसलिए कि पगड़ी पहनने वाला कोई व्यक्ति आपकी पार्टी छोड़ देता है, आप उसे देशद्रोही कहने लगते हैं,” केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने राहुल गांधी पर तीखा हमला करते हुए कहा।

  • Feb 04, 2026 17:31 IST

    राहुल गांधी की टिप्पणी के विरोध में दिल्ली BJP का प्रदर्शन

    संसद परिसर में केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को “देशद्रोही” कहे जाने की टिप्पणी के बाद दिल्ली में BJP ने राहुल गांधी के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। 4 फरवरी 2026 की इस घटना को लेकर BJP नेताओं ने इसे सिख समुदाय का अपमान बताया। दिल्ली BJP अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर “राहुल गांधी मुर्दाबाद” के नारे लगाए और उनसे माफी व इस्तीफे की मांग की। BJP का कहना है कि कांग्रेस छोड़कर BJP में आए बिट्टू पर की गई टिप्पणी पुराने राजनीतिक घावों को कुरेदने जैसी है और इससे देश की राजनीति में तनाव और बढ़ गया है।

  • Feb 04, 2026 17:19 IST

    क्रिकेट के 73 नियम बदले, 1 अक्टूबर से होंगे लागू

    क्रिकेट को हिंदी में क्या कहते हैं? जानें क्रिकेट से जुड़े कुछ आसान शब्द और  इतिहास

    क्रिकेट के 73 नियम बदल दिए हैं। इनमें टेस्ट मैच में दिन के आखिरी ओवर में विकेट गिरने पर पूरा ओवर खेलना अनिवार्य कर दिया गया है। डेड बॉल, ओवरथ्रो, बाउंड्री पर लिए जाने वाले कैच, विकेटकीपर की पोजीशन जैसे कई नियम बदले गए हैं। लेमिनेटेड बैट को सशर्त मंजूरी दी गई है। नए नियम 1 अक्टूबर 2026 से लागू होंगे। 2022 के बाद नियमों में यह सबसे बड़ा अपडेट है।

  • Feb 04, 2026 16:22 IST

    केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने राहुल गांधी को बताया 'सड़क का गुंडा'

    4 फरवरी 2026 को संसद परिसर के बाहर उस समय तनाव बढ़ गया, जब केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बीच तीखी बहस हो गई। बिट्टू ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने उनके साथ हाथापाई करने की कोशिश की। यह विवाद उस वक्त शुरू हुआ, जब बिट्टू ने प्रदर्शन कर रहे सांसदों को लेकर टिप्पणी की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच तीखे शब्दों का आदान-प्रदान हुआ, जिसमें राहुल गांधी ने बिट्टू को “गद्दार” कहा, जबकि बिट्टू ने राहुल गांधी को “सड़क का गुंडा” बताया।

    पूर्व कांग्रेस नेता और वर्तमान भाजपा सांसद बिट्टू ने इस घटना को सिख समुदाय से जोड़ते हुए कांग्रेस पर 1984 के सिख विरोधी दंगों और ऑपरेशन ब्लू स्टार का हवाला दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासन के दौरान सिखों को निशाना बनाया गया और राहुल गांधी के परिवार पर भी सवाल खड़े किए। संसद में चल रहे गतिरोध और निलंबित सांसदों के मुद्दे के बीच इस घटना से भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी टकराव और तेज हो गया है।

  • Feb 04, 2026 16:06 IST

    मणिपुर में राष्ट्रपति शासन समाप्त, केंद्र ने अधिसूचना जारी की

    54bc24f8-7862-48fe-a229-9c247fba541e

    केंद्र सरकार ने मणिपुर में लागू राष्ट्रपति शासन को समाप्त कर दिया है। गृह मंत्रालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संविधान के अनुच्छेद 356(2) के तहत 13 फरवरी 2025 को जारी राष्ट्रपति शासन की घोषणा को 4 फरवरी 2026 से वापस ले लिया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। अधिसूचना पर राष्ट्रपति के हस्ताक्षर हैं और इसे गृह सचिव गोविंद मोहन द्वारा जारी किया गया है।

  • Feb 04, 2026 15:49 IST

    काठमांडू-इस्तांबुल फ्लाइट की कोलकाता एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग

    तुर्की एयरलाइंस की इस्तांबुल जाने वाली उड़ान में टीआईए से उड़ान भरने के बाद इंजन में आग लग गई, उसे कोलकाता की ओर मोड़ दिया गया और वहां विमान की तुरंत ही इमरजेंसी लैंडिंग की गई. बताया जा रहा है कि विमान के इंजन में आग लगने के कारण कोलकाता एयरपोर्ट पर प्लेन की आपातकालीन लैंडिंग करना पड़ा. 

  • Feb 04, 2026 14:24 IST

    ममता बनर्जी की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, चुनाव आयोग को जारी किया नोटिस

    6982c5f78b10f-mamata-banerjee-sir-supreme-court-040714286-16x9

    पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग (ECI) को नोटिस जारी किया है। अदालत ने आयोग से कहा है कि वह इस मामले में सोमवार तक अपना जवाब दाखिल करे। वहीं, पश्चिम बंगाल सरकार ने भी अदालत को भरोसा दिलाया है कि डिप्यूटेशन के लिए उपलब्ध क्लास-2 अधिकारियों की सूची प्रस्तुत की जाएगी।

  • Feb 04, 2026 13:22 IST

    भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर पीयूष गोयल का बयान, कृषि और डेयरी क्षेत्र के हित सुरक्षित

    केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर संसद को जानकारी देते हुए कहा कि यह समझौता कृषि और डेयरी क्षेत्रों के हितों की सफलतापूर्वक रक्षा करने में कामयाब रहा है। उन्होंने बताया कि बातचीत के दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि देश के किसानों और दुग्ध उत्पादकों पर किसी तरह का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े और उनके हित पूरी तरह सुरक्षित रहें।

  • Feb 04, 2026 12:55 IST

    उधमपुर मुठभेड़ में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, जैश कमांडर सहित दो आतंकी ढेर

    जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सुरक्षाबलों ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। यहां हुए एनकाउंटर में जैश-ए-मोहम्मद के कमांडर समेत दो आतंकवादियों को मार गिराया गया। खुफिया जानकारी के आधार पर सुरक्षाबलों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया था, इसी दौरान आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने दोनों आतंकियों को ढेर कर दिया। बताया जा रहा है कि आतंकी एक गुफा में छिपे हुए थे। ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने गुफा के प्रवेश प्वाइंट को विस्फोटक से उड़ा दिया। इलाके में फिलहाल तलाशी अभियान जारी है।

  • Feb 04, 2026 12:21 IST

    राहुल गांधी - पीएम मोदी अगर लोकसभा आए तो मैं उन्हें नरवणे की किताब दूंगा

    लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को पूर्व थलसेना प्रमुख जनरल एम.एम. नरवणे की एक अप्रकाशित किताब को लेकर बड़ा बयान दिया। मीडिया से बातचीत और संसद परिसर में बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि अगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकसभा में आते हैं, तो वह यह किताब उन्हें व्यक्तिगत रूप से सौंपेंगे।

    राहुल गांधी ने कहा कि इस किताब में लद्दाख से जुड़े घटनाक्रम का पूरा विवरण दिया गया है और देश को इसकी जानकारी मिलनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि उन्हें इस किताब के अंश उद्धृत करने की अनुमति नहीं दी गई है, लेकिन उन्होंने जोर देकर कहा कि हर युवा को यह जानना चाहिए कि ऐसी किताब मौजूद है। राहुल गांधी ने यह भी कहा कि उन्हें नहीं लगता कि प्रधानमंत्री आज लोकसभा में आने का साहस करेंगे, क्योंकि अगर वे आए तो वह खुद जाकर यह किताब उन्हें देंगे।

  • Feb 04, 2026 12:09 IST

    संसद में राहुल गांधी ने रवनीत सिंह बिट्टू को बोला "हैलो माई ट्रेटर फ्रैंड"

    दिल्ली में संसद परिसर के मकर द्वार (Makar Dwar) पर उस समय तनावपूर्ण माहौल बन गया, जब प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस सांसदों के पास से गुजरते हुए केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू से नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की तीखी बहस हो गई। राहुल गांधी ने बिट्टू की ओर इशारा करते हुए कहा, “यहां एक गद्दार जा रहा है, चेहरा देखिए।”

    राहुल गांधी ने आगे बढ़कर हाथ मिलाने की पेशकश करते हुए कहा, “हैलो भाई, मेरे गद्दार दोस्त। चिंता मत करो, तुम वापस कांग्रेस में आ जाओगे।” इस पर केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने हाथ मिलाने से इनकार करते हुए “देश के दुश्मन” जैसी टिप्पणी की। इसके बाद दोनों नेताओं के बीच कुछ देर तक तीखे शब्दों का आदान-प्रदान होता रहा, जिसे आसपास मौजूद सांसदों और सुरक्षाकर्मियों ने संभाला।

  • Feb 04, 2026 12:00 IST

    ममता बनर्जी ने सुप्रीम कोर्ट में नई अर्जी दाखिल की

    6982c5f78b10f-mamata-banerjee-sir-supreme-court-040714286-16x9

    सुप्रीम कोर्ट में एसआईआर (SIR) की सुनवाई से पहले पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अदालत में एक नई याचिका दाखिल की है। इस याचिका में उन्होंने चुनाव आयोग (ECI) को वोटर लिस्ट से किसी भी मतदाता का नाम हटाने से रोकने के लिए सुप्रीम कोर्ट से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।

    ममता बनर्जी की ओर से दाखिल ताजा अर्जी में कहा गया है कि पश्चिम बंगाल में चल रही एसआईआर प्रक्रिया के दौरान बड़े पैमाने पर मतदाताओं के नाम काटे जाने का गंभीर खतरा बना हुआ है। याचिका में यह भी आरोप लगाया गया है कि चुनाव आयोग ने आवेदनों में छोटी-छोटी त्रुटियों के आधार पर भी कई मतदाताओं को नोटिस और सर्कुलर जारी किए हैं, जिससे लोगों में डर और भ्रम की स्थिति है।

    मुख्यमंत्री ने सुप्रीम कोर्ट से मुख्य रूप से यह सुनिश्चित करने की मांग की है कि वर्ष 2022 की मतदाता सूची से किसी भी वोटर का नाम न हटाया जाए, किसी भी नागरिक से उसका मतदान का अधिकार न छीना जाए और पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष व पारदर्शी तरीके से की जाए।

  • Feb 04, 2026 11:39 IST

    कांग्रेस सांसदों का संसद के बाहर प्रदर्शन, हाथ में 'PM is Compromised' के बैनर

    भारत-अमेरिका ट्रेड एग्रीमेंट को लेकर कांग्रेस ने संसद परिसर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस सांसदों ने संसद की सीढ़ियों पर ‘PM is compromised’ लिखा पोस्टर लेकर प्रदर्शन किया। इससे एक दिन पहले लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मीडिया से बातचीत में इसी तरह का आरोप लगाते हुए सरकार पर सवाल खड़े किए थे।

    इस बीच, लोकसभा में सदन की कार्यवाही के दौरान नियमों के उल्लंघन को लेकर कांग्रेस के आठ सांसदों को मौजूदा सत्र के शेष हिस्से के लिए निलंबित कर दिया गया है। निलंबित सांसदों में गुरजीत सिंह औजला, हिबी ईडन, डीन कुरियाकोस, अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, बी. मणिकम टैगोर, डॉ. प्रशांत याडावराव पाडोले, चमाला किरण कुमार रेड्डी और एस. वेंकटेशन शामिल हैं।

    बताया गया है कि ये कार्रवाई उस समय की गई जब लोकसभा में राहुल गांधी चीन से जुड़े मुद्दे को उठा रहे थे और इसी दौरान सदन में हंगामे की स्थिति बन गई। 

  • Feb 04, 2026 11:27 IST

    SIR विवाद पर ममता बनर्जी के साथ खड़ी हुईं प्रियंका चतुर्वेदी

    6982c5f78b10f-mamata-banerjee-sir-supreme-court-040714286-16x9

    सुप्रीम कोर्ट में एसआईआर (SIR) की सुनवाई और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की अदालत में पेशी को लेकर शिवसेना (यूबीटी) की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने खुलकर समर्थन जताया है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल सहित अन्य चुनावी राज्यों में जिस तरह से एसआईआर की प्रक्रिया अपनाई जा रही है, वह पूरी तरह एकतरफा है।

    प्रियंका चतुर्वेदी ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग वही कदम उठा रहा है, जो भारतीय जनता पार्टी चाहती है। उन्होंने कहा कि पहले ईडी (ED), सीबीआई (CBI) और आयकर विभाग (IT) का इस्तेमाल किया गया और अब चुनाव आयोग भी इसी कड़ी में शामिल होता नजर आ रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ममता बनर्जी जो कर रही हैं, वह एक कानूनी लड़ाई है और वह इसमें उनके साथ हैं। प्रियंका ने कहा कि अगर बीजेपी की यह मनमानी जारी रही, तो विपक्ष इस लड़ाई को पूरी मजबूती के साथ लड़ेगा।

  • Feb 04, 2026 11:24 IST

    अंकिता भंडारी मामला: CBI ने संबंधित दस्तावेज अपने कब्जे में लिए; शिकायतकर्ता का बयान दर्ज होगा

    उत्तराखंड में 19 वर्षीय रिसेप्शनिस्ट अंकिता भंडारी की 2022 में हुई हत्या के मामले में CBI ने जांच तेज कर दी है। एजेंसी ने स्थानीय पुलिस से केस से जुड़े अहम दस्तावेज हासिल कर लिए हैं और अब शिकायतकर्ता पद्म पुरस्कार से सम्मानित डॉ. अनिल प्रकाश जोशी से पूछताछ की योजना बना रही है। मामले में पहले ही वनंत्रा रिजॉर्ट के मालिक, मैनेजर और एक अन्य आरोपी को वर्ष 2023 में आजीवन कारावास की सजा सुनाई जा चुकी है।

    अंकिता के लापता होने के कुछ हफ्तों बाद उसका शव एक नहर से बरामद हुआ था। हालांकि 2026 में वायरल हुए कुछ ऑडियो क्लिप्स के बाद एक बार फिर “VIP कवर-अप” के आरोपों को लेकर जनआक्रोश भड़क उठा, जिसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 9 जनवरी को CBI जांच के आदेश दिए। इस मामले को लेकर देहरादून में 2022 के दौरान हुए विरोध प्रदर्शनों की तस्वीरें अब फिर चर्चा में हैं, जहां लोग अंकिता को न्याय दिलाने की मांग करते नजर आए थे।

  • Feb 04, 2026 11:19 IST

    जयराम रमेश - 36 घंटे बीत चुके हैं ट्रेड डील पर अब भी कोई जानकारी नहीं

    कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर सरकार पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि 36 घंटे बीत जाने के बावजूद इस समझौते से जुड़ी कोई ठोस जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। जयराम रमेश ने मांग की कि सरकार यह स्पष्ट करे कि भारत और अमेरिका के बीच किस तरह का व्यापारिक समझौता हुआ है और उसमें देश के हितों का किस प्रकार ध्यान रखा गया है।

  • Feb 04, 2026 11:16 IST

    जगदगुरु परमहंस आचार्य - अयोध्या में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की एंट्री पर रोक

    jagadguru Paramhans

    स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को लेकर चल रहा विवाद अब और गहरा गया है। अयोध्या के तपस्वी छावनी पीठाधीश्वर जगदगुरु परमहंस आचार्य ने साफ कहा है कि जब तक स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से माफी नहीं मांगते, तब तक उन्हें रामनगरी अयोध्या में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।

    जगदगुरु परमहंस आचार्य ने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद द्वारा सीएम योगी पर की गई कथित अभद्र टिप्पणियों को निंदनीय बताते हुए कहा कि ऐसी भाषा किसी संत को शोभा नहीं देती। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सनातन धर्म और प्रदेश के हित में काम कर रहे हैं और उनके खिलाफ अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल अस्वीकार्य है।

    यह विवाद माघ मेला के दौरान संगम स्नान से जुड़े घटनाक्रम और उसके बाद दिए गए बयानों के बाद और तेज हो गया है। अब अयोध्या से आया यह अल्टीमेटम पूरे मामले को नया मोड़ देता नजर आ रहा है।

यह भी पढ़ें
Here are a few more articles:
Read the Next Article