Holi 2026: केमिकल वाले रंगों से है एलर्जी? तो घर में ऐसे तैयार करें ऑर्गेनिक गुलाल

Holi 2026: होली का त्योहार नजदीक है। ऐसे कई लोग होते हैं जिन्हें केमिकल वाले रंगों से एलर्जी होती है। इसलिए आज हम आपके लिए ऑर्गेनिक रंगों की विधि लेकर आए हैं।

holi 2026

Holi 2026: होली का त्योहार नजदीक है। होली के दिन हर कोई रंगों में रंगा हुआ नजर आता है। ये दिन दुश्मनी को भुलाकर गले लगाने का होता है। इस दिन सभी लोग रंगों से होली खेलते हैं और ये खास त्योहार पूरे धूमधाम से मनाते हैं। 

पहले के समय में लोग घर पर रंग बनाते थे लेकिन अब तो सब मार्केट से ही रंग खरीदतें हैं। लेकिन ऐसे कई लोग होते हैं जिन्हें केमिकल वाले रंगों से एलर्जी होती है। इसलिए आज हम आपके लिए ऑर्गेनिक रंगों की विधि लेकर आए हैं। इसकी मदद से आप घर पर ही ऑर्गेनिक रंग तैयार कर पाएंगे।

घर में बनाएं ऑर्गेनिक रंग

पीला रंग

अगर आपको पीले रंग का ऑर्गेनिक गुलाल बनाना हो तो इसके लिए हल्दी का इस्तेमाल करें। इसके लिए या तो आप हल्दी की गांठ को घर पर पीसकर पाउडर तैयार करें या फिर कच्ची हल्दी को थोड़े से पानी के साथ ग्राइंडर में पीस लें और पेस्ट जैसा बना लें। इसको किसी कॉटन के कपड़े में डालें और रस को निचोड़ लें। अब इसमें अरारोट या फिर कॉर्न स्टार्च मिलाएं। इसके बाद सूखने के लिए धूप में रख दें। इसके बाद दोबारा से ग्राइंडर में डालकर पीस लें। इस तरह से आपका पीला गुलाल तैयार हो जाएगा।

गुलाबी रंग

गुलाबी रंग तैयार करने के लिए आप चुकंदर का इस्तेमाल कर सकते हैं। सबसे पहले चुकंदर का रस निकालें, उसमें कॉर्न स्टार्च मिलाएं, फिर धूप में सुखाएं और पीस लें। अगर आपको डार्क कलर चाहिए तो चुकंदर का रस ज्यादा रखें और हल्का गुलाबी रंग चाहिए तो कॉर्न स्टार्च या अरारोट की मात्रा अधिक रखें। 

हरा रंग

आपको अगर हरा रंग बनाना है तो इसके लिए आप कोई भी हरी पत्तेदार सब्जी जैसे पालक ले सकते हैं। सबसे पहले पालक को काट लें और फिर इसे पीस लें। रस निकालकर इसमें कॉर्न स्टार्च मिलाएं और फिर सुखाकर इसे ग्राइंड करके हरा रंग का गुलाल तैयार कर लें।

नारंगी रंग

अगर आपको ऑरेंज या नारंगी कलर का गुलाल बनाना है तो इसके लिए आपको पलाश के फूलों का इस्तेमाल करना होगा। बसंत में ये फूल आराम से मिल जाते हैं। आपको पलाश के ढेर सारे फूल पीस लेने हैं। इसमें आपको चावल का आटा, कॉर्न स्टार्च या फिर अरारोट मिलाकर पेस्ट तैयार करना है। इसे धूप में सुखाकर फिर से ग्राइंडर में डालकर पीस लें और आपका ऑरेंज कलर तैयार हो जाएगा।

यह भी पढ़ें:Holika Dahan Kab Hoga: होली पर भद्रा का साया, चंद्र ग्रहण डालेगा अड़ंगा, ज्योतिषियों का क्या है मत, कब जलेगी होली

यह भी पढ़ें
Here are a few more articles:
Read the Next Article