/bansal-news/media/post_attachments/wp-content/uploads/2024/07/Last-phase-of-voting-in-Lok-Sabha-elections-2024-today-bansal-news-digital.jpg)
Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव में आज आखिरी चरण का मतदान होगा। 7 राज्य और एक केंद्र शासित प्रदेश की 57 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। इसमें पंजाब की 13, उत्तर प्रदेश की 13, पश्चिम बंगाल की 9, बिहार की 8, ओडिशा की 6 और झारखंड की 3 लोकसभा सीटें शामिल हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत अनुराग ठाकुर, रवि किशन, कंगना रनौत, मीसा भारती और अभिषेक बनर्जी जैसे नेताओं की किस्मत आज EVM में कैद हो जाएगी।
उत्तर प्रदेश में मुकाबला
यूपी में वाराणसी में पीएम मोदी के खिलाफ कांग्रेस के अजय राय मैदान में हैं। बसपा से अथर जमाल लारी और युग तुलसी पार्टी से कोलीसेट्टी शिव कुमार चुनाव लड़ रहे हैं। NDA और इंडिया में सीधा मुकाबला है। चंदौली, मिर्जापुर और महाराजगंज से केंद्रीय मंत्री महेंद्रनाथ पांडे, पंकज चौधरी और अनुप्रिया पटेल मैदान में हैं। मुख्तार अंसारी के भाई अफजल अंसारी गाजीपुर से चुनाव लड़ रहे हैं।
पंजाब में चुनावी रण
पंजाब में पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी, सांसद परनीत कौर, हरसिमरत कौर बादल और रवनीत सिंह बिट्टू चुनावी मैदान में हैं। बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल 1996 के बाद पहली बार मुख्य मुकाबले में हैं। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने अपने उम्मीदवार अलग-अलग उतारे हैं।
बंगाल का चुनावी मैदान
पश्चिम बंगाल की 9 सीटों पर वोटिंग होगी। बारासात, दमदम, बशीरहाट, मथुरापुर, डायमंड हार्बर, जादवपुर, कोलकाता दक्षिण और कोलकाता उत्तर सीट पर मतदान होगा। ममता बनर्जी के भतीजे TMC के टिकट पर डायमंड हार्बर से अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
हिमाचल प्रदेश की 4 सीटों पर मतदान
हिमाचल प्रदेश में कंगना रनौत के सामने विक्रमादित्य सिंह चुनावी मैदान में हैं। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर हमीरपुर से 5वीं बार चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा कांगड़ा लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी हैं।
बिहार में कड़ी टक्कर
बिहार लोकसभा चुनाव में केंद्रीय मंत्री आरके सिंह आरा से हैट्रिक लगाने की उम्मीद कर रहे हैं। उनकी टक्कर सीपीआई (ML) लिबरेशन के विधायक सुदामा प्रसाद से है। पटना साहिब से बीजेपी सांसद रविशंकर मैदान में हैं। वे कांग्रेस प्रवक्ता अंशुल अविजित से भिड़ेंगे। पाटलिपुत्र में मीसा भारती तीसरी बार किस्मत आजमा रही हैं। बीजेपी सांसद रामकृपाल यादव हैट्रिक लगाने की कोशिश में हैं। काराकाट में पवन सिंह निर्दलीय उतरे हैं। उनका मुकाबला पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाह से है।
पिछले 6 फेज में कितने प्रतिशत वोटिंग
- पहला चरण - 66.14 प्रतिशत
- दूसरा चरण - 66.17 प्रतिशत
- तीसरा चरण - 65.68 प्रतिशत
- चौथा चरण - 69.16 प्रतिशत
- पांचवां चरण - 62.2 प्रतिशत
- छठवां चरण - 63.36 प्रतिशत
7वें चरण में 10 करोड़ 6 लाख वोटर्स
लोकसभा चुनाव के आखिरी चरण में 10 करोड़ 6 लाख वोटर्स मतदान करेंगे। इसमें 5 करोड़ 24 लाख पुरुष, 4 करोड़ 82 लाख महिलाएं और 3574 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।
/bansal-news/media/agency_attachments/2025/12/01/2025-12-01t081847077z-new-bansal-logo-2025-12-01-13-48-47.png)
Follow Us
चैनल से जुड़ें