Corona: कोरोना के कहर से अंतिम विदाई भी हुई मंहगी, लकड़ियों की कमी के कारण अंतिम संस्कार की बढ़ाई कीमत…

भोपाल। प्रदेश में कोरोना का कहर लगातार जारी है। पिछले 26 दिनों से लगाए गए कोरोना कर्फ्यू के बाद भी प्रदेश में कोरोना काबू में नहीं आ पा रहा है। वहीं कोरोना महामारी का असर दूसरी जरूरी चीजों पर भी पड़ने लगा है। अब अंतिम संस्कार करना भी मंहगा हो गया है। कोरोना महामारी के बीच कर्मचारियों और लकड़ी की कमी के चलते विश्राम घाटों पर सभी चीजों के दाम फिक्स कर दिए गए हैं। शहर के विश्रामघाटों पर लगातार कोरोना मरीजों के साथ अन्य शवों का अंतिम संस्कार किया जा रहा है। इस कारण यहां लकड़ी के साथ कर्मचारियों की भी कमी है। इसी को देखते हुए यहां अंतिम संस्कार के दामों में बढ़ोत्तरी की गई है। अब विश्रामघाटों पर अंतिम संस्कार के 3500 रुपए लिए जा रहे हैं।
इससे पहले यह रेट 2600 हुआ करते थे। बता दें कि शहर में कोरोना प्रोटोकॉल के तहत सबसे ज्यादा अंतिम संस्कार भदभदा विश्राम घाट में किया जा रहा है। इसके दूसरे नंबर पर सुभाष नगर विश्राम घाट में अंतिम संस्कार किए जाते हैं। भदभदा विश्राम घाट पर तो अंतिम संस्कार के दरों की सूची चिपका दी गई है। नई सूची के तहत कोरोना शवों का अंतिम संस्कार करने के लिए 3500 रुपए चुकाने होंगे। वहीं सामान्य शवों का अंतिम संस्कार कराने के लिए 3100 रुपए का शुल्क निर्धारित किया गया है। वहीं विद्युत शवदाह गृह में 1700 रुपए शुल्क लिया जा रहा है। वहीं एक हजार रुपए क्विंटल लकड़ी का चार्ज लिया जा रहा है। बता दें कि प्रदेश में कोरोना की दूसरी लहर लगातार कोहराम मचा रही है। रोजाना दर्जनों लोग काल के गाल में समा रहे हैं। वहीं 10 हजार से ज्यादा नए मरीज सामने आ रहे हैं।
तैयारियों में जुटी सरकार…
वहीं विशेषज्ञों ने कोरोना की तीसरी लहर आने की भी चेतावनी दी है। ऐसे में सरकार ने तैयारियां शुरू कर दीं हैं। बता दें कि प्रदेश में कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए सरकार समेत पूरा प्रशासन जुट गया है। वहीं प्रदेश में तीसरी लहर को ध्यान में रखते हुए तैयारियां जोरों पर हैं। रविवार शाम को सीएम शिवराज सिंह ने मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में 1000 बिस्तरों वाला माधव सेवा केंद्र क्वारेंटाइन सेंटर का उद्घाटन किया है। मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में 1000 बिस्तरों वाला माधव सेवा केंद्र क्वारेंटाइन सेंटर शुरू हो चुका है।
इसका उद्घाटन सीएम शिवराज सिंह द्वारा किया जा चुका है। उद्घाटन के मौके पर धर्मेंद्र प्रधान भी मौजूद रहे। राजधानी के लाल परेड ग्राउंड पर बनाया गया यह कोविड सेंटर भाजपा की जिला इकाई और सामाजिक संगठनों के सहयोग से बनाया गया है। यहां कोरोना के सामान्य लक्षण वाले मरीजों को भर्ती किया जाएगा। इसके साथ ही यहां भर्ती किसी मरीज की स्थिति बिगड़ती है तो उसके लिए ऑक्सीन कंस्ट्रेटर की व्यवस्था भी की गई है। यहां मरीजों के इलाज के लिए सरकार द्वारा पैरामेडिकल स्टाफ भी ड्यूटी पर लगाया गया है। इस सेंटर में मरीजों के इलाज के लिए उच्चस्तर की व्यवस्थाएं की गईं हैं।