जानना जरूरी है : बेहद जहरीला होता है सेब का बीज, खाने से हो सकती है इंसान की मौत

नई दिल्ली। सेहत के लिए सेब को काफी लाभदायक बताया गया है। लेकिन ये कम ही लोगों को पता होगा कि यह पौष्टिक फल जानलेवा भी हो सकता है। दरअसल, सेब का बीज बेहद जहरीला होता है और इसे एक तय मात्रा से अधिक खाने पर इंसान की मौत भी हो सकती है। सेब के बीज में ‘अमिगडलिन’ (Amygdalin) नाम का एक तत्व पाया जाता है और जब यह तत्व इंसान के पाचन संबंधी एन्जाइम के संपर्क में आता है तो यह सायनाइड रिलीज करने लगता है।
सबसे खतरनाक जहर है सायनाइड
जैसा कि हम जानते हैं कि सायनाइड (Cyanide) एक खतरनाक जहर के रूप में जाना जाता है। सायनाइड के बारे में आज तक किसी ने ये नहीं बताया कि इसका स्वाद कैसा होता है। क्योंकि इसे लेने के एक मिनट के अंदर ही इंसान की मौत हो जाती है। सेब के बीज में जो अमिगडलिन पाया जाता है उसमें सायनाइड और चीनी मिला होता है। जब हम इसे निगल लेते हैं, तो हमारे शरीर में वह हाईड्रोजन सायनाइड में तब्दील हो जाता है। हालांकि एक बीज इसकी मात्रा इतनी कम होती है कि लोगों के लिए यह घातक नहीं होता।
इन फलों में भी पाया जाता है अमिगडलिन
सेब के अलावा अमिगडलिन, ऐप्रिकॉट यानी खुबानी, चेरी, आड़ू और आलूबुखारा जैसे फलों में पाया जाता है। इनके बीजों के ऊपर बेहद मजबूत कोटिंग होती है जिससे अमिगडलिन इसके अंदर बंद रहता है। कई बार तो यह शरीर के अंदर जाकर भी साबुत बाहर निकल जाता है।
सेब के बीज कब खतरनाक हो जाते हैं
एक दो सेब के बीज खाने से शरीर को कोई नुकसान नहीं होता है। लेकिन अगर करीब 200 बीज के चूरण को एक साथ खाया जाए, तो वह जानलेवा साबित हो सकता है। सायनाइड, हृदय और मस्तिष्क को सबसे पहले नुकसान पहुंचाता है। तुरंत सांस लेने में तकलीफ शुरू हो जाती है, दिल की धड़कन बढ़ जाती है, ब्लड प्रेशर लो हो जाता है और इंसान की मौत हो जाती है। अगर कोई व्यक्ति कम मात्रा में सेवन करने पर बच जाता है तब भी उसके दिल और मस्तिष्क को काफी नुकसान पहुंचता है।