भारत और फ्रांस ने पांच दिवसीय विशाल नौसेना अभ्यास किया शुरू, दोनों नौसेनाओं के विमान समेत हेलीकॉप्टर लेगे हिस्सा

नई दिल्ली। भारत और फ्रांस ने अपने समुद्री सुरक्षा सहयोग में बढ़ती समनुरूपता को परिलक्षित करते हुए बुधवार को अरब सागर में पांच दिवसीय विशाल नौसेना अभ्यास शुरू किया। भारतीय नौसेना ने कहा कि इस वरूण अभ्यास में दोनों नौसेनाओं के जहाज, पनडुब्बियां, समुद्री गश्ती विमान, लड़ाकू विमान, हेलीकॉप्टर हिस्सा ले रहे हैं।
भारतीय नौसेना ने दी जानकारी
इस खबर की जानकारी देते हुए भारतीय नौसेना ने बयान में कहा, ‘‘ ये इकाइयां समुद्री परिदृश्य में संचालनगत कौशल को बढ़ाने एवं निखारने का प्रयास करेंगी, समुद्री सुरक्षा अभियान चलाने के लिए पारस्परिकता बढ़ाएंगी तथा समेकित बल के रूप में इस क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं स्थायित्व को बढ़ावा देने के लिए अपनी प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करेंगी।’’ यह वरूण अभ्यास की श्रृंखला का 20वां संस्करण है और यह दोनों देशों के बीच सामरिक संबंधों का अहम हिस्सा बन गया है। भारतीय नौसेना ने कहा, ‘‘ यह अभ्यास दोनों नौसेनाओं के बीच परिचालनगत अंतर्संवाद के लिए मुख्य वाहक बन गया है और उसने वैश्विक समुद्री साझे उद्देश्यों की सुरक्षा एवं स्वतंत्रतता के प्रति देानों देशों की साझी प्रतिबद्धता को रेखांकित किया है।’’
फ्रांस नौसेना के प्रमुख आए थे भारत
आपको बताते चलें कि, फ्रांस के नौसेना प्रमुख एडमिरल पीयरे वांडियर पिछले सप्ताह भारत आये थे और उस दौरान उन्होंने अपने भारतीय समकक्ष एडमिरल एच हरि कुमार के साथ बातचीत की थी एवं हिंद महासागर क्षेत्र में चीन की बढ़ती मौजूदगी के मद्देजनर शांति एवं स्थायित्व सुनिश्चित करने के लिए संबंधित प्रणालियों पर जोर दिया था।
Share This
0 Comments