Raisen News: रायसेन में आरोपी ने कुल्हाड़ी से पत्नी पर किया हमला, शराब के लिए पैसे न देने पर की हैवानियत…

रायसेन। प्रदेश में पिछले दिनों से लगातार पत्नी पर धारदार हथियार से जानलेवा हमलों की खबरें सामने आ रही हैं। अब रायसेन से ऐसा ही एक मामला सामने आया है। यहां एक शराबी ने शराब न मिलने की तड़प पर हैवानियत की हदें पार कर दीं। रायसेन जिले में पत्नी ने होली के दिन शराब पीने के लिए पैसे नहीं दिए तो आरोपी पति ने कुल्हाड़ी से हमला बोल दिया। इस हमले में पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई है। पीड़िता को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। मामला रायसेन जिले के ग्राम पापड़ा का है। यहां रहने वाला आरोपी रतन सिंह शुरू से ही नशा करने का आदी है। उसने अपनी पत्नी से शराब के लिए पैसे मांगे।
पत्नी ने पैसे देने में असमर्थता जताई तो आरोपी के सिर पर खून सवार हो गया। रतन ने धारदार कुल्हाड़ी से अपनी पत्नी पर हमला बोल दिया। पत्नी को हाथ और शरीर में गंभीर चोटें आईं हैं। पीड़िता को घायल अवस्था में अस्पताल लाया गया है, जहां उसका इलाज किया जा रहा है। एएसआई बीबी तिवारी ने बताया कि आरोपी की चार साल पहले ही शादी हुई थी। वह नशे का आदी है। आरोपी ने पत्नी से शराब के लिए पैसे मांगे थे। जब पत्नी ने पैसे देने से मना किया तो आरोपी ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। आरोपी पहले भी अपनी पत्नी से मारपीट कर चुका है। आरोपी रतन सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। हमले के वक्त भी आरोपी नशे में था।
इससे पहले भी घट चुकीं हैं ऐसी घटनाएं…
बता दें कि इससे पहले 9 मार्च को राजधानी के निशातपुरा से भी एक ऐसा ही मामला सामने आया था। यहां की पारस कॉलोनी में रहने वाली संगीता पर उसके पति प्रीतम सिंह ने फरसे से हमला किया था। इस हमले में संगीता के एक हाथ और एक पैर का पंजा कट गया था। आनन-फानन में संगीता को हमीदिया अस्पताल लाया गया था। जहां महिला के हाथों को ऑपरेशन कर जोड़ा गया था। हालांकि यह सर्जरी फेल रही थी। वहीं इसके बाद 22 मार्च को रात 11 बजे सागर के बामनहोरा गांव में रणधीर ने अपनी पत्नी अनीता पर कुल्हाड़ी से वार किया था। इस हमले में अनीता के दोनों हाथ कट गए थे। इसके बाद बैतूल में यह मामला सामने आया था।
सीएम ने किया कानून का ऐलान…
प्रदेश के मुखिया सीएम शिवराज सिंह ने इसको लेकर कानून बनाने का ऐलान किया है। सीएम चौहान ने शुक्रवार को इन घटनाओं का संज्ञान लेते हुए राज्य में महिला हिंसा के खिलाफ नया कानून बनाने का फैसला लिया है। महिलाओं की उनके पति द्वारा हाथ काटे जाने की घटना को सीएम ने दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। साथ ही उन्होंने कहा कि इस तरह के अपराधों के खिलाफ कठोर कानून बनाने के निर्देश दे दिए गए हैं। बता दें कि पिछले तीन हफ्ते में इस तरह की तीन घटनाएं सामने आ चुकी हैं।