MP Weather News: प्रदेश में बिगड़ा मौसम का मिजाज, बारिश के साथ चलीं तेज हवाएं, इन जगहों पर ओले की संभावना

भोपाल। प्रदेश में गुरुवार से मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ दिख रहा है। गुरुवार सहित शुक्रवार को भी प्रदेश के कई जिलों में तेज हवा के साथ बारिश हुई है। वहीं मौसम विभाग की मानें तो अगले 24 घंटे में बारिश की संभावना बनी हुई है। साथ ही कई क्षेत्रों में ओले गिरने की आशंका भी जताई जा रही है। प्रदेश के ग्वालियर संभाग में आने वाले गुना जिले में गुरुवार को 12 मिमी की बारिश दर्ज की गई है। गुना सहित पचमढ़ी, जबलपुर और छिंदवाड़ा में भी हल्की बारिश देखने को मिली है। वहीं मौसम विज्ञान विभाग, भोपाल केंद्र के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी पीके साहा के मुताबिक अगले 24 घंटे में ग्वालियर, चंबल, जबलपुर, भोपाल, होशंगाबाद और सागर संभागों के अलग-अलग स्थानों पर बारिश होने की संभावना भी बनी हुई है।
इसलिए बिगड़ा मौसम…
दरअसल प्रदेश में विपरीत दिशा से आ रही पूर्वी और पश्चिमी हवाओं का टकराव हो रहा है। इसके साथ ही दक्षिण-पूर्वी मध्यप्रदेश पर ऊपरी हवा का चक्रवात बना भी लगातार बना हुआ है। इसीलिए बंगाल की खाड़ी से लगातार आ रही नमी के कारण मौसम का मिजाज बिगड़ गया है। प्रदेश में गुरुवार से सुबह भी कई जगहों पर हल्की बारिश देखने को मिली थी। वहीं मौसम विभाग ने बताया कि मौसम का मिजाज रविवार तक सुधरने की उम्मीद कम है। अब रविवार तक प्रदेश के कई जिलों में ओलों की भी आशंका जताई जी रही है। वहीं मप्र सहित कई राज्यों में बारिश के आसार बताए जा रहे हैं। पंजाब, दिल्ली, बिहार, हिमाचल प्रदेश, यूपी, गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड, चंडीगढ़ राजस्थान हरियाणा, उत्तराखंड में तेज गरज के साथ आंधी के आसार बताए गए हैं। वहीं मौसम विभाग ने इन राज्यों को आंधी का अलर्ट भी दे दिया है।