Himachal Pradesh Election 2022: हिमाचल प्रदेश में 12 नवंबर को वोटिंग, 8 दिसंबर को आएंगे नतीजे

Himachal Pradesh Election 2022: हिमाचल प्रदेश में 12 नवंबर को वोटिंग, 8 दिसंबर को आएंगे नतीजे

नई दिल्ली। निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव की तारीख की घोषणा कर दी। इस पहाड़ी राज्य में एक ही चरण में 12 नवंबर को मतदान होगा जबकि आठ दिसंबर को मतगणना की जाएगी। मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने यहां आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में हिमाचल में चुनाव की तारीखों का ऐलान किया। इसी के साथ हिमाचल में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है।आयोग की ओर से हालांकि गुजरात विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा नहीं की गई। गुजरात विधानसभा का कार्यकाल अगले साल 18 फरवरी को समाप्त हो रहा है।

हिमाचल प्रदेश विधानसभा का कार्यकाल आठ जनवरी को समाप्त होगा। हिमाचल प्रदेश के साथ गुजरात विधानसभा चुनाव की घोषणा ना करने पर निर्वाचन आयोग ने कहा कि परंपरा, मतदान की तारीखों में अंतर और मौसम सहित विभिन्न कारकों पर विचार के बाद लिया गया फैसला।कुमार ने कहा, ‘‘कई राज्यों में चुनावों की घोषणा से कुछ के परिणामों के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है। साथ ही आचार संहिता की अवधि भी लंबी हो जाती है।’’हिमाचल प्रदेश में विधानसभा की कुल 68 सीटें हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा ने वहां जीत दर्ज की थी।

पिछले कुछ दशकों में इस पहाड़ी राज्य में सत्ताधारी पार्टी का फिर से सत्ता में लौटने में विफल रहने का इतिहास रहा है।कुमार ने कहा कि निर्वाचन आयोग स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और प्रलोभनमुक्त चुनाव कराने को प्रतिबद्ध है।हिमाचल में 55,07,261 योग्य मतदाता हैं। इनमें 27,80,208 पुरुष और 27,27,016 महिला मतदाता हैं। इनमें से 1,86,681 मतदाता ऐसे हैं जो पहली बार मतदान करेंगे। ये सभी 18 से 19 आयु वर्ग के हैं।कुमार ने बताया कि 100 से अधिक उम्र के मतदाताओं की संख्या 1,184 है जबकि 80 से अधिक उम्र के मतदाताओं की संख्या 1.22 लाख के करीब है।पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा को 48.79 प्रतिशत मत हासिल हुए थे, जबकि कांग्रेस को 41.68 प्रतिशत मत मिले थे। निर्दलीय उम्मीदवारों को 6.34 प्रतिशत मत मिले थे।

यह भी पढ़ें
Here are a few more articles:
Read the Next Article