भोपाल: प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री मोहन यादव ने प्रेसवार्ता में बड़ा बयान दिया है। उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा है कि उच्च शिक्षा विभाग जल्द ही भर्तियां निकालेगा। असिस्टेंट प्रोफेसर समेत अन्य पदों पर राजपत्रित और अराजपत्रित वर्ग के 500-500 पदों पर भर्तियां होंगी। साथ ही प्रमोशन की प्रक्रिया को भी जल्द शुरु किया जाएगा।
इसके अलावा मंत्री मोहन यादव ने बताया कि उच्च शिक्षा विभाग शिक्षा के सुधार के लिए लगातार काम कर रहा है। सारे विद्यार्थियों को एडमिशन मिले इसके लिए सरकार प्रयास कर रही है। 517 कॉलेजों में से 200 कॉलेज को सर्व सुविधायुक्त करने जा रहे हैं। साथ ही कोरोना काल में परीक्षाएं समय पर हो सकें इसके लिए रणनीति बनाई जा रही है।
– सरकार जल्द ही 517 कॉलेजों में से 200 कॉलेजों को सभी सुविधायों से युक्त करने जा रही है। जिससे की छात्रों को एक ही कॉलेज में सभी तरह की सुविधाएं मिल जाएंगी। इन कॉलेजों को आदर्श बनाया जाएगा।
– प्रदेश के 550 सहायक प्राध्यापकों को पदोन्नत कर सह प्राध्यापक बनाए जाएंगे। प्राध्यापकों की पेंशन का सरलीकरण किया जाएगा।
– कैबिनेट के निर्णय के आधार पर उच्च शिक्षा विभाग में रिक्त पदों के आधार पर 5% भर्ती की कार्यवाही पूरी की जाएगी।
– गली-मोहल्ले में खोले जा रहे कॉलेज पर लगाम लगाई जाएगी। इसका मुख्य उद्देश्य उच्च शिक्षा के स्तर को बेहतर करने और छात्रों को सुविधाएं बढ़ाने पर है।
– मंत्री यादव ने बताया कि एडमिशन के 5 चरण पूर्ण किए जा चुके हैं। एक चरण दीपाली के बाद और करेंगे, ताकि बचे हुए बच्चों को भी एडमिशन मिल जाए।