MP Weather Update: प्रदेश में अगले 24 घंटे में हो सकती है भारी बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया “येलो अलर्ट”

भोपाल। प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बिगड़ा हुआ है। वहीं तूफान ताऊते के कारण भी प्रदेश के कई जिलों में मंगलवार को बारिश भी देखने को मिली है। वहीं अब मंगलवार को मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले 24 घंटे में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार प्रदेश में अगले 24 घंटे में भारी बारिश हो सकती है। इसके लिए मौसम विभाग ने कई जिलों में येलो अलर्ट भी जारी कर दिया है।
मौसम विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार जबलपुर, उज्जैन, भोपाल, चंबल, शहडोल, ग्वालियर और इंदौर संभाग के कई जिलों में बारिश दर्ज की गई है। वहीं मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में अनूपपुर, उमरिया, डिंडोरी, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, सागर, टीकमगढ़, छतरपुर, राजगढ़, बड़वानी, अलीराजपुर, धार, झाबुआ, उज्जैन, शाजापुर, आगर, मंदसौर, नीमच, गुना, शिवपुरी, श्योपुर कलां जिलों में बारिश के आसार जताए हैं। इसको लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है।
तूफान के चलते हुई बारिश…
बता दें कि प्रदेश में तूफान ताऊते के चलते कई जिलों में झमाझम बारिश भी देखने को मिली है। वहीं अब मानसून का समय भी नजदीक आने लगा है। इस साल उम्मीद जताई जा रही है कि प्रदेश में मानसून कई सालों बाद समय पर आएगा। प्रदेश में बीते 11 सालों से मानसून लगातार देरी से आ रहा है। वहीं पिछले 13 सालों में केवल दो साल ही मानसून प्रदेश में समय पर आया है। बीते साल 14 जून को मानसून ने प्रदेश में एंट्री ली थी।
लेकिन यह मानसून निसर्ग तूफान की वजह से आया था। इस साल के मानसून को समय पर आने की आशंका जताई जा रही है। इस साल भी मौसम विभाग ने प्रदेश में मानसून आने की तारीख 13 से 14 जून ही रखी है। अब संभावना जताई जा रही है कि इस साल मानसून समय पर आएगा।