Gujarat Election 2022: गुजरात में मौन लहर! कांग्रेस नेता ने कही ये बात

Gujarat Election 2022: गुजरात में मौन लहर! कांग्रेस नेता ने कही ये बात

वडगाम। कांग्रेस विधायक और दलित नेता जिग्नेश मेवानी ने गुजरात में ‘मौन लहर’ के जोर पकड़ने को रेखाांकित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित इस राज्य में बदलाव अपरिहार्य है तथा आसन्न विधानसभा चुनाव देश को एक नयी दिशा देगा। मेवानी ने ‘‘पीटीआई भाषा’’ को दिये साक्षात्कार में दावा किया कि राज्य में 182 सदस्यीय विधानसभा के लिये दो चरणों में होने वाले चुनाव में कांग्रेस 120 सीट जीतेगी। उन्होंने कहा, ‘‘ यह चुनाव निरंकुशता, बेरोजगारी और महंगाई के खिलाफ है। ’’ मेवानी (41 वर्ष) वडगाम सीट से दूसरी बार जीत के लिये जोर लगा रहे हैं। इस बार वे कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं।

यह सीट अनुसूचित जाति के लिये आरक्षित है। चुनाव प्रचार के दौरान मेवानी प्रतिदिन करीब 10 गांव का दौरा कर रहे हैं। पिछली बार 2017 के विधानसभा चुनाव में वे कांग्रेस के समर्थन से निर्दलीय विधायक निर्वाचित हुए थे। गुजरात में भाजपा के अपराजेय होने से जुड़े एक सवाल के जवाब में मेवानी ने कहा, ‘‘इस बार मूक क्रांति है, राज्य में एक मौन लहर है। लोगों ने अपना मन बना लिया है कि अब बहुत हो चुका । ’’ उन्होंने कहा कि गुजरात चुनाव देश को एक नयी दिशा देगा। उन्होंने कहा कि उनका अनुमान है कि कांग्रेस चुनाव में 120 सीट पर जीत दर्ज करेगी और गुजरात के नवनिर्माण की आधारशिला रखेगी।

मेवानी ने कहा, ‘‘ बदलाव अपरिहार्य है। ’’ उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव में हिन्दुत्व सहित भावनात्मक मुद्दे उठा रही है, लेकिन यह काम नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि लोगों ने मोदी जी (प्रधानमंत्री) को बड़े स्नेह के साथ दो बार चुना, लेकिन अब तक बेरोजगारी कम नहीं हुई है, महंगाई नहीं रुकी है। उन्होंने कहा कि लोग एक ऐसी सरकार देख रहे हैं जो अपने खिलाफ आवाज उठाने वालों को निशाना बना रही है और अब लोग समझ गए हैं कि यह निरंकुश सरकार है।

यह भी पढ़ें
Here are a few more articles:
Read the Next Article