Ratlam: शादी के लिए उधार लिए थे पैसे, गैस रिसाव से लगी आग, चार घरों से 9.5 लाख रुपए और ज्वैलरी खाक

रतलाम। प्रदेश के रतलाम जिले में बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां गैस रिसाव के कारण एक कमरे में रखे दो सिलेंडर फट गए। सिलेंडर फटने से भीषण आग फैल गई। आग में चार घरों में रखा सामान जलकर खाक हो गया। इन घरों में से दो में शादी होने वाली थी। इसीलिए घरों में नगदी और ज्वैलरी रखी। इस आग में 9.5 लाख रुपए और ज्वैलरी खाक हो गई। हालांकि गनीमत रही कि जनहानि नहीं हुई है। आग इतनी भयानक थी कि दमकल सहित बचाव दल डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा पाया। घटना ताल के पास थमगुराड़िया कासम खां मंसूरी के घर में हुई। मंसूरी का परिवार खेत पर काम करने गया था।
भीषण आग में अनाज भी खाक
इसी बीच सिलेंडर फट गया और घर ने आग पकड़ ली। आग की लपटें इतनी तेज हो गईं कि पड़ोसी असलम मंसूरी, पड़ोसी रामगोपाल पाटीदार और साबिर मंसूरी के घरों को भी चपेट में ले लिया। जैसे ही आग फैली तो परिजन घर के बाहर आ गए। यह घटना देख वहां हड़कंप मच गया। दमकल विभाग को तत्काल प्रभाव से सूचना दी गई। दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंची और डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची।
पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि शादी वाले घरों में रखा लाखों का माल खाक हो गया है। साथ ही घरों में रखा अनाज भी जल गया है। वहीं बिना शादी वाले घरों में आंशिक नुकसान हुआ है। मंसूरी के घर में बेटी की शादी थी। शादी के लिए साढ़े तीन लाख रुपए उधार लिए थे। वहीं घर की फसल बेचकर डेढ़ लाख रुपए भी घर में ही शादी के लिए रखे थे। शादी वाले घरों में काफी नुकसान हुआ है।