फ्रांसीसी मैगजीन ने फिर छापा पैगंबर मोहम्मद पर विवादित कार्टून,फिर हो सकता है विरोध

image source : aajtak.in
फ्रांस की सैटायरिकल मैगजीन शार्ली एब्डो ने पैगंबर मोहम्मद के उन कार्टूनों को फिर से प्रकाशित किया है… जिनकी वजह से साल 2015 में वह आतंकी हमले का निशाना बनी थी। इस हमले में मैगजीन के कार्टूनिस्टों समेत 12 लोगों की मौत हो गई थी। कुछ दिन बाद पैरिस में इसी से जुड़ा एक दूसरा हमला हुआ था जिसमें पांच लोगों की जान चली गई थी।
12 कार्टून छापे गए हैं
कार्टूनों को ऐसे समय में फिर से प्रकाशित किया गया है जब एक दिन बाद ही साल 2015 को शार्ली एब्डो के दफ्तर पर हमला करने वालों की मदद करने के आरोप में 14 लोगों पर मुकदमा शुरू होने वाला है। मैगजीन के कवर पेज पर पैगंबर मोहम्मद के वे 12 कार्टून छापे गए हैं, जिन्हें शार्ली एब्डो में प्रकाशित होने से पहले डेनमार्क के एक अखबार ने छापा था। इनमें से एक कार्टून में पैगंबर मोहम्मद को पगड़ी के बजाय बम पहने दिखाया गया है। फ्रेंच हेडलाइन में कहा गया है- “इस एक कार्टून के लिए इतना सब कुछ”
ऐसा करना जरूरी था
मुकदमा 13 पुरुषों और एक महिला के खिलाफ चलेगा जिनपर हथियार एवं अन्य साजो-सामान उपलब्ध कराने का आरोप है। इस हफ्ते हास्य चित्रों के साथ प्रकाशित एक संपादकीय में, पत्रिका ने कहा कि भले ही हमलों के बाद से उसने मोहम्मद के कार्टून प्रकाशित करने से इनकार किया था लेकिन मुकदमा शुरू होने के कारण ऐसा करना जरूरी था।