/bansal-news/media/post_attachments/wp-content/uploads/2024/07/nnnnnnnnnnnnnn-1.jpg)
JDU President: वरिष्ठ नेता और जनता दल (यूनाइटेड) के पूर्व अध्यक्ष शरद यादव का गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया है। उनके परिवार के लोगों ने यह जानकारी दी। 75 साल की उम्र में शरद यादव ने अंतिम सांस ली।
पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव की बेटी सुभाषिनी ने ट्विटर पर अपने पिता की मौत पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने लिखा है कि पापा नहीं रहे। बता दें कि पूर्व केंद्रीय मंत्री यादव के परिवार में उनकी पत्नी, एक पुत्री और एक पुत्र हैं।
अस्पताल ने ये कहा
गुरूग्राम के फोर्टिस मेमोरियल रिसर्च इंस्टीट्यूट के एक बयान में कहा गया है कि शरद यादव को बेहोशी की हालत में अस्पताल लाया गया था। उनमें कोई पल्स नहीं थी। प्रोटोकॉल के तहत उन्हें CPR दिया गया था। तमाम कोशिशों के बावजूद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका। रात 10.19 पर उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके परिवार के प्रति हमारी संवेदनाएं हैं।
यादव के सहयोगियों ने बताया कि वह बृहस्पतिवार की रात अपने छतरपुर आवास पर बेहोश हो गए और उन्हें गुरुग्राम के फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। यादव लंबे समय से किडनी की बीमारी से पीड़ित थे और नियमित रूप से ‘डायलिसिस’ करवाते थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जताया शोक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शरद यादव की निधन की खबर के बाद अपनी संवेदनाएं व्यक्त की है। उन्होंने ट्वीट में कहा, ‘‘शरद यादव के निधन से दुखी हूं। सार्वजनिक जीवन में अपने लंबे वर्षों में, उन्होंने खुद को सांसद और मंत्री के रूप में प्रतिष्ठित किया। वे डॉ. लोहिया के आदर्शों से बहुत प्रेरित थे। मैं हमेशा अपनी बातचीत को संजोकर रखूंगा। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं।’’
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने जताया शोक
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी शरद यादव के निधन पर दुख जताया और उनके परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की। खरगे ने ट्वीट किया, 'देश की समाजवादी धारा के वरिष्ठ नेता, जद(यू) के पूर्व अध्यक्ष, श्री शरद यादव जी के निधन से दुःखी हूं।' उन्होंने कहा, 'एक पूर्व केंद्रीय मंत्री व दशकों तक एक उत्कृष्ट सांसद के तौर पर देश सेवा का कार्य कर, उन्होंने समानता की राजनीति को मजबूत किया। उनके परिवार एवं समर्थकों को मेरी गहरी संवेदनाएं।''
बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने जताया शोक
बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने भी शरद यादव के निधन पर दुख जताया। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘मंडल मसीहा, वरिष्ठ नेता, महान समाजवादी नेता, मेरे अभिभावक आदरणीय शरद यादव जी के असामयिक निधन की खबर से मर्माहत हूं। कुछ कह पाने में असमर्थ हूं।’’
/bansal-news/media/agency_attachments/2025/12/01/2025-12-01t081847077z-new-bansal-logo-2025-12-01-13-48-47.png)
Follow Us