Advertisment

पूर्व आईएएस अधिकारी अरविंद कुमार शर्मा भाजपा में शामिल

author-image
Bhasha
देश में रविवार तक कुल 2,24,301 लाभार्थियों को कोविड-19 का टीका लगाया गया: सरकार

लखनऊ, 14 जनवरी (भाषा) प्रशासनिक सेवा से स्वैच्छिक सेवानिवृति लेने वाले गुजरात काडर के पूर्व आईएएस अधिकारी अरविंद कुमार शर्मा बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गये।

Advertisment

उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के रहने वाले 1988 बैच के आईएएस अधिकारी शर्मा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का करीबी माना जाता है और वह मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री रहते भी उनके साथ काम कर चुके हैं।

भाजपा के एक प्रवक्ता ने बताया कि शर्मा ने लखनऊ स्थित भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डॉक्टर दिनेश शर्मा की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने भी ट्वीट करके कहा ‘‘आज पूर्व आईएएस अधिकारी अरविंद कुमार शर्मा का भाजपा परिवार में स्वागत किया। सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास की विचारधारा से जुड़े शर्मा की कार्यक्षमता व कर्मठता से निश्चित ही पार्टी को एक नयी गति मिलेगी।’’

Advertisment

भाजपा के प्रांतीय प्रवक्ता चंद्रमोहन ने बताया कि शर्मा ने भाजपा के साथ काम करने की इच्छा जताई थी।

शर्मा ऐसे समय भाजपा में शामिल हुए हैं जब पार्टी प्रदेश विधान परिषद की 12 सीटों के लिए आगामी 28 जनवरी को होने जा रहे चुनाव के लिए प्रत्याशियों के नाम तय कर रही है।

इस सवाल पर कि क्या शर्मा विधान परिषद चुनाव में भाजपा के प्रत्याशी होंगे, चंद्रमोहन ने कहा कि उम्मीदवारों के नाम तय करने का काम केंद्रीय नेतृत्व का है।

Advertisment

यहां अटकलें लगायी जा रही हैं कि शर्मा को भाजपा विधान परिषद के चुनाव में अपना प्रत्याशी बना सकती है और चुनाव जीतने के बाद उन्हें सरकार में कोई महत्वपूर्ण पद भी दिया जा सकता है।

शर्मा वर्ष 2001 से 2020 के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करीबी सहयोगी अधिकारी के तौर पर काम कर चुके हैं। वह गुजरात के मुख्यमंत्री कार्यालय तथा उसके बाद प्रधानमंत्री कार्यालय में भी कार्यरत रहे हैं। उन्होंने समय से दो साल पहले ही स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले ली है।

सूत्रों के मुताबिक शर्मा ने अपनी प्राथमिक शिक्षा मऊ में हासिल की। उसके बाद इलाहाबाद विश्वविद्यालय से परास्नातक की डिग्री ली। उन्होंने केंद्र में कुटीर लघु एवं मझोले उद्योग मंत्रालय में सचिव के पद से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ली है।

Advertisment

भाषा जफर सलीम अमित

अमित

Advertisment
चैनल से जुड़ें