ओडिशा में वन अधिकारियों ने शिकारी को गिरफ्तार किया, जंगली सुअर का मांस और खाल बरामद

केंद्रपाड़ा, चार जनवरी (भाषा) ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले में भीतरकनिका राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में एक गांव से वन विभाग के अधिकारियों ने जंगली सुअर का मांस और खाल बरामद की तथा एक शिकारी को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
एक अधिकारी ने बताया कि शिकारी को रविवार को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से कच्चा मांस, पशु की खाल और वन्यजीवों को पकड़ने के काम आने वाली नायलोन की जालियां मिली हैं।
उन्होंने बताया कि शिकारी द्वारा वन क्षेत्र में एक जंगली सुअर का शिकार करने की जानकारी मिलने के बाद वन्यजीव अधिकारियों ने उसे प्रहाराजपुर गांव से गिरफ्तार किया तथा उसके खिलाफ वन्यजीव संरक्षण कानून की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
भाषा
मानसी नरेश
नरेश