आने वाला है चक्रवाती तूफान, इन 8 राज्यों में फिर से हो सकती है बारिश

भोपाल: मानसून अब देशभर से विदाई लेने की तैयारी में है। लेकिन प्रदेश में मानसून जाते जाते भारी बारिश कर सकता है। दरअसल, खबरों सामने आ रही हैं की बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान की स्थिति बन रही है। इस स्थिति को देखते हुए मौसम विभाग ने बताया कि उत्तरी अंडमान सागर में 9 अक्टूबर कम दबाव का क्षेत्र बन सकता है। इसके चक्रवाती तूफान बनकर आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय इलाके की ओर बढ़ने की आशंका है। इस कम दबाव के बनने से ओडिशा और उससे सटे इलाकों आंध्र प्रदेश में 11-13 अक्टूबर के बीच बारिश हो सकती है।
अगले 48 घंटों में बंगाल की खाड़ी में बन रहा सिस्टम
स्कायमेट के अनुसार, अगले 48 घंटों में बंगाल की खाड़ी में ओडिशा और इससे सटे भागों के करीब में कम दबाव का सिस्टम बन रहा है। यह सिस्टम ओडिशा से होता हुआ जमीनी भागों की तरफ बढ़ेगा और 10 अक्टूबर तक यह छग और मप्र होते हुए महाराष्ट्र के कोंकण क्षेत्र पर पहुंच सकता है। बता दें कि इसका असर पूर्वी उत्तर प्रदेश से लेकर मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और गुजरात में भी दिखाई दो सकता है। इससे पहले 2013 और 2014 के अक्टूबर महीने में भयंकर चक्रवाती तूफान फैलिन और हदहद आया था। इन दोनों तूफानों ने ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाके में काफी नुकसान पहुंचाया था।
मध्य प्रदेश राजस्थान में मानसून वापसी की संभावना
एक निम्न दबाव का क्षेत्र बंगाल की खाड़ी पर बना हुआ है। जिसके कारण अगले दो-तीन दिनों के दौरान उत्तरी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों, राजस्थान के लगभग सभी क्षेत्रों और उत्तर प्रदेश के कुछ भागों से मानसुन के वापस होने की संभावना है। इसके अलावा पूर्वी तथा पूर्वोत्तर राज्यों से इसकी वापसी में थोड़ा टाइम लग सकता है। कम दबाव के रूप में उठने वाले इस सिस्टम का असर अगले 1 हफ्ते तक नजर आएगा। इस सिस्टम की वजह से पूर्वी हवाएं देश के कई राज्यों में चलेगी। इसके कारण पूर्वी और पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश तो होगी ही, साथ ही मध्य भारत में भी कुछ स्थानों पर वर्षा होगी। यह उत्तर-पश्चिमी दिशा में आगे बढ़ते हुए 9-10 अक्टूबर तक पश्चिमी मध्य प्रदेश और इससे सटे गुजरात के पास पहुंच जाएगा।