Khnadwa News: खंडवा की ऑयल फैक्ट्री में लगी भीषण आग, दो किमी तक दिखाई दीं लपटें, दो वाहन जलकर खाक…

खंडवा। प्रदेश के खंडवा जिले के औद्योगिक क्षेत्र में बनी एक ऑयल फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि लपटें दो किमी तक दिखाई दे रहीं थीं। आग बुझाने के लिए दमकल की गाड़ियां देर रात तक मशक्कत करतीं रहीं। कुछ घंटों की मेहनत की बाद आग पर काबू पाया गया। गनीमत रही कि होली की छुट्टी के कारण फैक्ट्री में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। वहीं दो वाहन इस आग की चपेट में आकर खाक हो गए। मामला खंडवा के औद्योगिक क्षेत्र का है।
आनंद नगर निवासी अनिल शामनानी की इंदौर नाका इंड्रस्टियल एरिया में सांईकृपा एग्रो के नाम से ऑयल फैक्ट्री है। इस फैक्ट्री में खंडवा फ्रेश के नाम से वेजिटेबल ऑयल बनाया जाता है। फैक्ट्री में करीब 100 कर्मचारी काम करते हैं। होली के त्योहार के कारण यहां सभी छुट्टी पर गए थे। चौकीदार तुकाराम ने बताया कि रविवार रात 8 बजे फैक्ट्री से धुंआ निकलता दिखाई दिया। फैक्ट्री में कोई मौजूद नहीं था।
क्षेत्र में फैल गई दहशत
गार्ड ने इसकी जानकारी हम्मालों सहित अन्य लोगों को दी। तब तक आग बुरी तरह फैल गई थी। रविवार को अवकाश के चलते यहां कोई मदद के लिए भी मौजूद नहीं था। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग इतनी फैल गई कि दो किमी दूर से भी आग की लपटें नजर आ रहीं थीं। घटना की जानकारी मिलने पर दमकल वाहन, पुलिस बल और क्यूआरएफ का बल भी मौके पर पहुंचा। आग बुझाने के लिए दमकल वाहनों के प्रयास देर रात तक जारी रहे। बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया है।
फैक्ट्री में रखे कपास के काकड़े से आग फैलने की आशंका जताई जा रही है। इस आग से फैक्ट्री में कोरोड़ों रुपए का नुकसान हुआ है। वहीं देर रात आग लगने के बाद यहां दहशत का माहौल पैदा हो गया था। यहां इंडस्ट्रियल एरिया में लाइन से मशीनों युक्त फैक्ट्रियां हैं। इस फैक्ट्री में लगी आग भी भीषण रूप में नजर आ रही थी। फैक्ट्री के चौकीदार ने बताया कि फैक्ट्री के अंदर खड़ी एक पिकअप और एक ऑटों इस आग की चपेट में आ गए और जलकर खाक हो गए। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।