/bansal-news/media/post_attachments/wp-content/uploads/2024/06/rajdhani.jpg)
भोपाल। प्रदेश में लगातार बढ़ते कोरोना केसों को ध्यान में रखते हुए सरकार ने प्रदेश में 7 मई तक कोरोना कर्फ्यू बढ़ा दिया है। साथ ही कई जिलों में कोरोना कर्फ्यू को 10 मई तक भी लागू किया है। अब गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कोरोना कर्फ्यू को लेकर बड़ी जानकारी दी है। मिश्रा ने गुरुवार को कहा कि प्रदेश में 7 मई तक कोरोना कर्फ्यू लागू रहेगा। इसके साथ ही मिश्रा ने कहा कि राजधानी में कोरोना कर्फ्यू 10 मई तक बढ़ाने पर भी विचार किया जा रहा है। इसको लेकर जल्द ही फैसला जारी किया जा सकता है। गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि प्रदेश में कोरोना संक्रमण की चेन को तोड़ने के लिए सख्ती की जा रही है।
मिश्रा ने कहा कि रोजाना हजारों की संख्या में संक्रमण के मामले सामने आ रहे हैं तो रोजाना हजारों की संख्या में मरीज स्वस्थ भी हो रहे हैं। मिश्रा ने कहा कि कोरोना का स्थाई इलाज केवल वैक्सीन है। इसे राष्ट्रीय फर्ज मानकर टीकाकरण कराएं। चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष मांडवी चौहान के निधन पर शोक जताया है। मंत्री सारंग ने कहा, "दुखद समाचार है, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष मांडवी चौहान का निधन हुआ है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि, उनकी आत्मा को शांति मिले और परिजनों को गहन दुख सहने की हिम्मत दे। कोरोना से लड़ाई और इसकी चेन तोड़ने को लेकर सारंग ने कहा कि सभी तरह की स्टडी कह रही है कि कोरोना के संक्रमण को तोड़ना है तो उसका कारगर उपाय कोरोना कर्फ्यू है।
वैक्सीनेशन की तैयारियां पूरी
टोटल लॉकडाउन की ओर जाने का सरकार का अभी कोई विचार नहीं है। वहीं 18+ वैक्सीनेशन की तैयारियों पर मंत्री सारंग ने कहा कि इसके लिए हमारे यहां तैयारियां पूरी हो गयी हैं। सारंग ने कहा कि लोगों में अस्पतालों में जाने में हिचक है, इसलिए हमने तय किया है कि, अन्य जगहों जैसे स्कूल, आंगनवाड़ी भवन या सामुदायिक भवन में वैक्सीनेशन कराया जाएगा। हमने दो दिन वैक्सीनेशन रोककर इसकी रिहर्सल करने का निर्णय भी लिया है।
इसकी आज तैयारी होगी और कल इसके लिए एक मॉकड्रिल की जाएगी। ऑक्सीजन के उपयोग के ऑडिट पर कहा कि इसमें किस अस्पताल के किस बिस्तर पर किस मरीज को कितनी ऑक्सीजन की जरूरत है, हमने इस पर काम किया और हमने तय किया है कि, भोपाल के जीएमसी के हमीदिया अस्पताल में कोविड 240 बिस्तर पर ऑक्सीजन कॉन्सेंटटर का उपयोग करेंगे। जिससे काफी ऑक्सीजन की बचत होगी जिसका उपयोग हम अन्य अस्पतालों में करेंगे। बता दें कि प्रदेश में लगातार कोरोना के मामले बढ़ते जा रहे हैं। बता दें कि प्रदेश में कोरोना का कहर लगातार बना हुआ है। रोजाना हजारों की संख्या में नए मरीज सामने आ रहे हैं। वहीं दर्जनों लोग रोजाना काल के गाल में समा रहे हैं। प्रदेश में 24 घंटे में 12,756 नए संक्रमित मरीज मिल है,जिसमें इंदौर में 1811, भोपाल में 1853, जबलपुर 795, ग्वालियर 1024 मरीज मिले। वहीं प्रदेश में कुल एक्टिव केस 92773 है जबकि 24 घंटे में 105 लोगों की मौत हुई है।
/bansal-news/media/agency_attachments/2025/12/01/2025-12-01t081847077z-new-bansal-logo-2025-12-01-13-48-47.png)
Follow Us