Damoh Upchunav 2021: दमोह सीट पर कांग्रेस उतारेगी दर्जनों विधायक, ‘एक बूथ, दस यूथ’ प्लान के साथ मैदान में कार्यकर्ता

दमोह। दमोह विधानसभा सीट पर 17 अप्रैल को उपचुनाव (Damoh Upchunav 2021) होना है। इसको लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों लीडिंग पार्टियों ने अपने-अपने प्रत्याशी मैदान में उतार दिए हैं। भाजपा (BJP) ने राहुल लोधी को अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं कांग्रेस ने अजय टंडन पर दांव खेला है। अब दोनों पार्टियां मतदाताओं को लुभाने में जुट गईं हैं। जहां भाजपा ने अपने दो मंत्रियों को इस सीट के चुनाव का प्रभार दिया है। वहीं कांग्रेस ने भी नई रणनीति अपनाई है।
कांग्रेस ने इस सीट के लिए ‘एक बूथ, दस यूथ’ का प्लान बनाया है। सूत्रों के मुताबिक पीसीसी चीफ कमलनाथ (PCC Chief Kamalnath) के माइक्रो बूथ मैनेजमेंट प्लान के जरिए कांग्रेस (Congress) एक बूथ पर 10 यूथ (कांग्रेस कार्यकर्ता) तैनात करेगी। इस प्लान के सहारे कांग्रेस इस सीट पर जीत की तैयारी कर रही है। साथ ही खबर है कि कांग्रेस अपने दर्जनों विधायकों को इस सीट पर उतारने वाली है। अब तक कांग्रेस के 25 से ज्यादा विधायक दमोह उपचुनाव का मोर्चा संभाल चुके हैं।
भाजपा ने भी बोला हमला
माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में कांग्रेस अपने दर्जनों विधायक सीट पर मोर्चा संभालने के लिए उतारने वाली है। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस अपने हर विधायक को 3-4 मतदाता केंद्रों की जिम्मेदारी सौंपने वाली है। वहीं भाजपा ने भी कांग्रेस के इस प्लान पर हमला बोला है। भाजपा ने कहा कि कांग्रेस के पास कार्यकर्ता अब नहीं बचे हैं। हर बूथ पर 10 कार्यकर्ता कांग्रेस को मिलने नहीं वाले हैं। जब कांग्रेस के पास इतने कार्यकर्ता हैं ही नहीं तो कहां से बूथ पर खड़ा करेगी।
बता दें कि दमोह सीट पर 17 अप्रैल को दमोह विधानसभा सीट पर उपचुनाव होंगे और 2 मई को मतों की गणना होगी। विधानसभा उपचुनाव की तारीखों का ऐलान करते हुए चुनाव आयोग ने बताया था कि 17 अप्रैल को वोटिंग होगी और 2 मई को नतीजा आएगा। 30 मार्च तक नामांकन भरे जा सकेंगे।