Damoh Upchunav: नोट बांटते दिखे कांग्रेस प्रत्याशी अजय टंडन, वीडियो वायरल होने पर मचा हड़कंप…

दमोह। प्रदेश की दमोह विधानसभा सीट पर 17 अप्रैल को उपचुनाव होना है। इसको लेकर राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियां चुनाव प्रचार में जुटीं हैं। यहां पर भाजपा ने राहुल लोधी को अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं कांग्रेस ने अजय टंडन पर भरोसा जताया है। अब हाल ही में अजय टंडन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में टंडन लोगों को पैसे बांटते दिख रहे हैं।
इस वीडियो के वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है। भाजपा ने कांग्रेस पर हमला बोलना शुरू कर दिया है। यह वीडियो कोटा तला क्षेत्र का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक टंडन यहां चुनाव का प्रचार करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने लोगों से मुलाकात की और वीडियो में लोगों को नोट बांटते दिख रहे हैं। वहीं इस वीडियो के वायरल होने के बाद भाजपा ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला है। बंसल न्यूज इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
भाजपा ने बोला हमला…
इस वीडियो के वायरल होने के बाद भाजपा ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पाराशर ने इस मामले पर कहा कि कांग्रेस हमेशा से ही लोकतंत्र को कुचलने का काम करती है। इस तरह के काम कांग्रेस में किए जा रहे हैं। पाराशर ने कहा कि मैं चुनाव आयोग से मांग करता हूं कि इस मामले में गंभीरता से संज्ञान ले और कार्रवाई करे। पाराशर ने चुनाव आयोग से मांग की है कि कांग्रेस प्रत्याशी की उम्मीदवारी तत्काल प्रभाव से समाप्त की जाए।
वहीं कांग्रेस की तरफ से प्रदेश मीडिया समन्वयक नरेंद्र सलूजा ने कहा कि भाजपा की तरफ से यह झूठ फैलाया जा रहा है। सलूजा ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता सोशल मीडिया पर झूठ फैला रहे हैं। सलूजा ने कहा कि टंडन लोगों को नोट नहीं बल्कि प्रचार के लिए बैच बांट रहे हैं। सलूजा ने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि भाजपा के पास भ्रष्टाचार के 15 सालों का पैसा है तो उन्हें लगता है सब पैसा बांट रहे हैं। भाजपा हमेशा से ही इसी तरह पैसों को लेकर काम करती है। सलूजा ने कहा कि शिकायत के बाद मामले की जांच की जाए इसके बाद दूध का दूध पानी का पानी हो जाएगा।