भोपाल। भगवान राम के नाम वोट बटोरने की कवायदों में अब भाजपा के साथ दूसरी पार्टियां भी जुट गईं हैं। हाल ही में समाजवादी पार्टी ने खुद को राम का बड़ा भक्त साबित करने की कोशिश की थी। अब कांग्रेस भी इसी तर्ज पर चलने जा रही है। कांग्रेस भगवान राम की नगरी ओरछा में एक प्रशिक्षण वर्ग आयोजित करने जा रही है। इस वर्ग में कमलनाथ सीधे कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे और मिशन 2023 के बारे में मंत्र भी बताएंगे।
कांग्रेस का यह प्रशिक्षण वर्ग 6-7 अप्रैल को आयोजित किया जाएगा। इस वर्ग में कांग्रेस विधायकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही कांग्रेस अपने कार्यकर्ताओं को नगरीय निकाय चुनाव के साथ मिशन 2023 के लिए भी मंत्र देगी। सूत्रों के मुताबिक इस वर्ग में विधायकों को यह बताया जाएगा कि कैसे अपनी छवि बनानी है। साथ ही आम लोगों के बीच कैसे व्यवहार रखना है, इन सब बातों की ट्रेनिंग दी जाएगी।
विधायकों को होगा फायदा…
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि राम की नगरी में 6-7 अप्रैल को दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ग में कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता विधायकों को प्रशिक्षण देंगे। इस प्रशिक्षण शिविर में यह बताया जाएगा कि कैसे अपने विधानसभा क्षेत्र में पकड़ बनानी है। साथ ही आम लोगों के बीच जाकर अपनी लोकप्रियता को कैसे बढ़ाया जा सकता है। इस शिविर के दौरान विधायकों को राजा राम के दर्शन भी कराए जाएंगे। साथ ही विधायकों को मिशन 2023 के लिए भी तैयारी कराई जाएगी। इस प्रशिक्षण शिविर में पार्टी के राष्ट्रीय नेता भी मौजूद रहेंगे। बता दें कि हाल ही में समाजवादी पार्टी ने भी हाल ही में ओरछा सम्मेलन आयोजित कर खुद को राम भक्त साबित करने की कोशिश की थी।