CM Bhagwant Mann Meet Moosewala Parents: परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करने पहुंचे CM मान, झेलना पड़ा लोगों का विरोध

मानसा। CM Bhagwant Mann Meet Moosewala Parents पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के मूसा गांव के दौरे से पहले भारी संख्या में सुरक्षाबल तैनात कर ग्रामीणों को कथित तौर पर गांव में घुसने से रोके जाने को लेकर लोगों ने शुक्रवार को मानसा में पंजाब पुलिस के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया। हालांकि, पुलिस ने बात से साफ इनकार करते हुए कहा कि किसी को भी गांव में घुसने से नहीं रोका गया है।
मुख्यमंत्री आज शुक्रवार को दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला( sidhu Moosewala) के घर जाकर उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे है। मान के दौरे से पहले मूसेवाला के घर पहुंचे सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक गुरप्रीत सिंह को भी विरोध का सामना करना पड़ा था। प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार के खिलाफ नारे भी लगाए। एक ग्रामीण ने दावा किया, ‘हमारे वाहनों को गांव में प्रवेश करने से रोका जा रहा है। हमारे रिश्तेदारों के वाहनों को प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा है।’ हालांकि, स्थिति को शांत करने के लिए प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे।
पंजाब: राज्य के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मानसा में पंजाबी गायक और कांग्रेस नेता सिद्धू मूसेवाला के परिवार के सदस्यों से मुलाकात की। pic.twitter.com/sZDWgY1t93
— ANI_HindiNews (@AHindinews) June 3, 2022
गायक के निधन पर शोक जताने के लिए बृहस्पतिवार को पंजाब के मंत्री हरपाल सिंह चीमा और कुलदीप सिंह धालीवाल ने मानसा में मूसेवाला के परिवार से मुलाकात की थी। पंजाब के मानसा में बीती 29 मई को अज्ञात हमलावरों ने सिद्धू मूसेवाला (28) की गोली मारकर हत्या कर दी थी। राज्य सरकार द्वारा मूसेवाला की सुरक्षा घटाए जाने के एक दिन बाद यह घटना हुई थी। मूसेवाला के साथ महिंद्रा थार जीप में यात्रा कर रहे उनके चचेरे भाई और एक दोस्त भी हमले में घायल हो गए थे।
पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय को बृहस्पतिवार को सूचित किया गया कि उन 424 लोगों के सुरक्षा घेरे को सात जून से बहाल कर दिया जाएगा, जिनकी सुरक्षा व्यवस्था को अस्थायी तौर पर घटाया गया था। पंजाब सरकार ने ‘घल्लूघारा सप्ताह’ और ‘ऑपरेशन ब्लूस्टार’ की बरसी के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था घटाई थी। भारतीय सेना ने जून 1984 में स्वर्ण मंदिर परिसर से आतंकवादियों को बाहर निकालने के लिए ‘ऑपरेशन ब्लूस्टार’ चलाया था। सुरक्षा घेरा घटाते समय पंजाब पुलिस ने कहा था कि कानून-व्यवस्था की एक स्थिति के मद्देनजर इन लोगों की सुरक्षा अस्थाई रूप से घटाई जा रही है।
0 Comments