/bansal-news/media/post_attachments/wp-content/uploads/2024/06/mp-2-3.jpg)
भोपाल। प्रदेश समेत पूरे देश में कोरोना की दूसरी लहर ने जमकर तबाही मचाई है। अब तक प्रदेश में हजारों लोग काल के गाल में समा गए। वहीं इस साल भी कोरोना के कहर का असर शिक्षण सत्र पर पड़ा है। बोर्ड परीक्षाओं पर लगातार कोरोना का खतरा मंडरा रहा है। कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा को अंतरिक मूल्यांकन के आधार पर रिजल्ट बनाने का फैसला लिया गया है। वहीं मप्र बोर्ड के कक्षा 12वीं की परीक्षा को लेकर अभी तक सहमति नहीं बन पाई है।
अब इस परीक्षा को जून महीने के पहले सप्ताह में आयोजित कराने का फैसला लिया जा सकता है। हालांकि इसको लेकर माध्यमिक शिक्षा मंडल ने अभी तक कोई आदेश जारी नहीं किया है। वहीं कोरोना की रफ्तार को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि जून महीने के पहले सप्ताह से इन परीक्षाओं को कराया जा सकता है। राज्य के स्कूल शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार का कहना है कि परीक्षार्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा दोनों को ध्यान में रखकर ही परीक्षाओं को लेकर जल्द निर्णय लिया जाएगा।
मंत्री परमार ने हाल ही में अधिकारियों के साथ कई बार बैठक की है। हालांकि अभी तक परीक्षा को लेकर तारीख पर सहमति नहीं बन पा रही है। वहीं मंत्री परमार ने बताया कि परीक्षा का तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए परीक्षाएं आयोजित कराई जाएंगी।
बता दें कि कोरोना महामारी के चलते मप्र बोर्ड कक्षा 12वीं की परीक्षा कई बार स्थगित की जा चुकी है। वहीं सूत्रों के मुताबिक सीबीएसई बोर्ड कोरोना महामारी के प्रचंड दौर को देखते हुए कक्षा 12वीं की केवल मुख्य विषयों की ही परीक्षा कराने पर विचार कर रहा है। सीबीएसई बोर्ड में पढ़ने वाले बच्चों के पास कुल 174 विषयों में 5-6 विषय चुनने का विकल्प होता है। इन विषयों में ज्यादातर चार ही विषय सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण होते हैं। इस तरह केवल महत्वपूर्ण विषयों के ही पेपर कराने पर विचार किया जा रहा है।
ये रहेंगे मुख्य विषय...
मुख्य विषयों की बात करें तो भौतिकी, रसायन विज्ञान, गणित, जीव विज्ञान, इतिहास, राजनीति विज्ञान, व्यवसाय अध्ययन, लेखा, भूगोल, अर्थशास्त्र और अंग्रेजी को गिना जाता है। बोर्ड परीक्षाओं को लेकर ही मीटिंग चल रही है। इस बैठक में बड़ा फैसला लिया जा सकता है। वहीं, केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ( सीबीएसई) ने 10वीं कक्षा की परीक्षा के अंकों की गणना एवं सारणीबद्ध करने तथा इसे बोर्ड को भेजने की समयसीमा को 30 जून तक बढ़ा दिया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी । सीबीएसई ने इससे पहले घोषणा की थी कि वह अंकों को सारणीबद्ध करने की पूरी प्रक्रिया 11 जून तक पूरा कर लेगी और परिणाम 20 जून तक घोषित किये जायेंगे।
हालांकि, कोविड-19 महामारी की वर्तमान स्थिति और कई राज्यों में लॉकडाउन लागू होने के कारण शिक्षकों एवं कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए समयसीमा बढ़ाने का फैसला किया गया है । सीबीएसई के परीक्षा नियंत्रक संयम भारद्वाज ने कहा, ‘‘सीबीएसई शिक्षकों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है । महामारी की स्थिति और कुछ राज्यों में लॉकडाउन तथा संबद्ध स्कूलों के शिक्षकों एवं कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने तिथियों को आगे बढ़ाने का फैसला किया है।
/bansal-news/media/agency_attachments/2025/12/01/2025-12-01t081847077z-new-bansal-logo-2025-12-01-13-48-47.png)
Follow Us