मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेशवासियों को रामनवमी की दी शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेशवासियों को रामनवमी की दी शुभकामनाएं

रायपुर: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेशवासियों को 21 अप्रैल को रामनवमी के अवसर पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। बघेल ने कहा है कि छत्तीसगढ़ के कण-कण में मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्रीराम बसे हैं। यह हम सबके लिए गर्व और हर्ष की बात है कि छत्तीसगढ़ भगवान श्रीराम का ननिहाल रहा है और उन्होंने अपने वनवास का अधिकांश समय यहां बिताया। वनवास काल के दौरान श्रीराम छत्तीसगढ़ में जिस मार्ग से गुजरे थे, उसे राज्य सरकार ‘राम वन गमन पर्यटन परिपथ‘ के रूप में विकसित कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा है कि जिस तरह श्रीराम ने संयम और सहनशीलता से 14 वर्षों का वनवास पूरा किया और संसाधनों तथा सेना के कम होते हुए भी लंका नरेश रावण पर विजय प्राप्त की। विश्वव्यापी कोरोना महामारी के संकट के इस समय में उसी तरह हमें उनके आदर्शों का पालन करते हुए उतने ही संयम से लॉकडाउन का पालन करते हुए कोरोना को हराना है। बघेल ने रामनवमी के अवसर पर प्रदेशवासियों के लिए सुख, समृद्धि, खुशहाली और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की है।

राज्यपाल ने रामनवमी पर दी शुभकामनाएं

राज्यपाल अनुसुईया उइके ने रामनवमी के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कहा है कि मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्रीराम का सम्पूर्ण जीवन उच्च आदर्श और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उनका चरित्र और व्यवहार समाज में पारस्परिक सौहार्द्र एवं बंधुत्व की भावना बढ़ाता है। राज्यपाल ने रामनवमी के अवसर पर राज्य के सभी नागरिकों के मंगलमय जीवन और सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की है।

यह भी पढ़ें
Here are a few more articles:
Read the Next Article