सूरजपुर में एंबुलेंस को रोककर हाईवे पर बर्थडे मनाना पड़ा भारी: वीडियो वायरल होने के बाद 7 युवक गिरफ्तार, सेलिब्रेशन से बाधित हुआ था यातायात

अंबिकापुर-बनारस स्टेट हाईवे पर सड़क के बीच बर्थडे मनाने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने 7 युवकों को गिरफ्तार किया है। युवकों ने हाईवे पर गाड़ी खड़ी कर केक काटा और आतिशबाजी की थी।

Surajpur Highway Birthday Celebration

Surajpur Highway Birthday Celebration: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट की सख्ती के बावजूद सोशल मीडिया पर लाइक्स पाने के लिए सड़क पर बर्थडे मनाने का चलन थमने का नाम नहीं ले रहा है। ऐसा ही एक मामला छत्तीसगढ़ के सरगुजा और सूरजपुर जिले की सीमा पर अंबिकापुर-बनारस स्टेट हाईवे (Ambikapur-Banaras State Highway) पर सामने आया, जहां कुछ युवकों ने सड़क के बीच गाड़ी खड़ी कर जन्मदिन मनाया।

यह घटना लाटोरी पुलिस चौकी (Latori Police Chowki) क्षेत्र के सोनवाही स्थित आरव रेस्टोरेंट (Aarav Restaurant Sonwahi) के सामने 16 फरवरी की रात करीब 10 से 11 बजे के बीच की है।

केक काटा और की आतिशबाजी

युवकों के जश्न मनाने के दौरान एंबुलेंस आधे घंटे तक खड़ी रही।

जानकारी के अनुसार अमितेश गुप्ता, अंशुल अग्रवाल और उनके 4-5 साथियों ने अपनी कार सड़क पर खड़ी कर दी और कार की बोनट पर केक रखकर जन्मदिन मनाया। इस दौरान युवकों ने आतिशबाजी भी की।

हाईवे पर अचानक इस तरह की गतिविधि के चलते दोनों ओर करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा। एंबुलेंस सहित कई जरूरी वाहन जाम में फंस गए, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई

युवकों की गाड़ी थाने में खड़ी करवाई गई।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल (Birthday Celebration Video Viral) होने के बाद पुलिस ने तत्काल संज्ञान लिया और मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने दो टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान अरुण देवांगन को लटोरी से तथा अन्य युवकों को अंबिकापुर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने दो वाहनों को भी जब्त किया है।

इन आरोपियों को किया गया गिरफ्तार

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अमितेश गुप्ता उर्फ जानू (24) निवासी वार्ड क्रमांक 44 अंबिकापुर, अंशुल अग्रवाल (25), प्रथम अग्रवाल (24), शुभम अग्रवाल (23), महेश साहू (27), निखिल रामा (26) निवासी अंबिकापुर और अरुण देवांगन (39) निवासी लटोरी शामिल हैं।

इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और नियमों के पालन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की गतिविधियों से दुर्घटना का खतरा बढ़ता है। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है और आगे की जांच जारी है।

यह भी पढ़ें
Here are a few more articles:
Read the Next Article