मनेन्द्रगढ़ में बस खाई में गिरी: सामूहिक विवाह में शामिल होने जा रहे कपल हुए घायल, तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

मनेन्द्रगढ़ में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे 54 जोड़ों को ले जा रही दुर्गा बस सड़क हादसे का शिकार हो गई।

Manendragarh Bus Accident:

Manendragarh Bus Accident: छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़ में मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। जनकपुर से रतनपुर स्थित महामाया मंदिर जा रही दुर्गा बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा घुसी। हादसा पोड़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत नागपुर रेलवे स्टेशन के पास हुआ।

बस में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे करीब 54 जोड़े और उनके परिजन सवार थे। हादसे के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई और सभी यात्री घायल हो गए।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह?

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार बस तेज रफ्तार में थी। नागपुर रेलवे स्टेशन के पास पहुंचते ही चालक का संतुलन बिगड़ गया और बस सड़क किनारे बने गड्ढे में उतर गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत यात्रियों को बस से बाहर निकाला।

घायलों को तत्काल नागपुर उप स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। राहत की बात यह है कि इस दुर्घटना में किसी की जान नहीं गई, लेकिन कई जोड़ों को गंभीर चोटें आई हैं।

चालक और कंडक्टर मौके से फरार

हादसे के बाद बस चालक और कंडक्टर मौके से फरार हो गए। इससे यात्रियों को और परेशानी का सामना करना पड़ा। परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित नजर आए।

घटना की सूचना मिलते ही पोड़ी थाना और नागपुर चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहत और बचाव कार्य में सहयोग किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चालक और कंडक्टर की तलाश जारी है। दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

प्रशासनिक व्यवस्था पर उठे सवाल

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे जोड़ों के साथ इस तरह की घटना ने परिवहन व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह के कार्यक्रमों में सुरक्षा और वाहन की तकनीकी जांच पहले से सुनिश्चित की जानी चाहिए।

यह भी पढ़ें
Here are a few more articles:
Read the Next Article