बलरामपुर में रिश्तों का खौफनाक अंत: दो बच्चों की मां ने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर प्रधान आरक्षक पति की हत्या की, शव को रेत में दफनाया

छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहां दो बच्चों की मां ने अपने शादीशुदा बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर अपने पति की बेरहमी से हत्या कर दी।

Balrampur Murder Case

Balrampur Murder Case: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिला से एक दिल दहला देने वाला हत्याकांड सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। यहां दो बच्चों की मां ने अपने शादीशुदा बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर अपने ही पति की हत्या कर दी। वजह सिर्फ इतनी थी कि वह अपने बॉयफ्रेंड के साथ रहना चाहती थी और पति इस रिश्ते में रोड़ा बन रहा था।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला क्लॉस्टिका केरकेट्टा और उसका बॉयफ्रेंड विवेक टोप्पो पहले ही छिपकर शादी कर चुके थे। पति को रास्ते से हटाने के लिए दोनों ने पूरी प्लानिंग के साथ हत्या की साजिश रची। योजना के तहत विवेक ने पति को बलरामपुर बुलाया और सुनसान जगह पर ले जाकर उस पर हमला किया।

cg News - 2026-02-05T150719.499

धारदार हथियार से सिर पर किया वार

घटना बलरामपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सतिसेमर की है। पुलिस के अनुसार, 14 जनवरी 2026 को विवेक ने विश्वनाथ केरकेट्टा को सेंदुर नदी के पास बुलाया। जैसे ही वह वहां पहुंचा, विवेक ने लोहे की खुरपी से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में विश्वनाथ की मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपी ने शव को नदी के दूसरे किनारे ले जाकर रेत के नीचे गाड़ दिया, ताकि पहचान न हो सके। इसके बाद वह मृतक का मोबाइल फोन, बैग, बैंक पासबुक, आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज भी अपने साथ ले गया और उन्हें छिपा दिया। वारदात के बाद विवेक सामान्य जीवन जीता रहा, ताकि किसी को शक न हो।

cg News - 2026-02-05T150605.227

ग्रामीणों ने देखा शव, तब खुला राज

यह मामला 29 जनवरी 2026 को सामने आया, जब कुछ ग्रामीण शाम के समय सेंदुर नदी की ओर गए। वहां उन्हें रेत में दबा हुआ एक शव नजर आया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शव काफी सड़ा-गला होने के कारण तत्काल पहचान नहीं हो सकी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोटें मिलने से हत्या की पुष्टि हुई।

CAF में प्रधान आरक्षक था मृतक

cg News - 2026-02-05T150809.119

31 जनवरी 2026 को शव की पहचान छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल में प्रधान आरक्षक के पद पर पदस्थ विश्वनाथ केरकेट्टा (51) के रूप में हुई। वह रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम सालियापारा का निवासी था और दंतेवाड़ा में तैनात था।

फेसबुक से शुरू हुआ प्रेम, बना हत्या की वजह

जांच में सामने आया कि वर्ष 2023 में क्लॉस्टिका की पहचान फेसबुक के जरिए विवेक टोप्पो से हुई थी। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और बाद में उन्होंने तातापानी मंदिर में छिपकर शादी कर ली। जब विश्वनाथ को इस रिश्ते की जानकारी हुई, तो घर में विवाद बढ़ने लगे। क्लॉस्टिका अपने बॉयफ्रेंड के साथ रहना चाहती थी और इसी वजह से हत्या की साजिश रची गई।

पुलिस ने किया खुलासा, जेल में दोनों आरोपी

मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी विश्वदीपक त्रिपाठी के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। तकनीकी सबूतों और पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

एसपी वैभव बैंकर ने कहा कि तेज और सटीक जांच के कारण इस हत्याकांड का खुलासा संभव हो सका। उन्होंने साफ कहा कि ऐसे जघन्य अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

यह भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ में OBC आरक्षण की दिशा तय करेगा 2024 का सर्वे: डेटा को पोर्टल पर अपलोड करने का हुआ फैसला, नीतिगत फैसले लेने में होगी आसानी

यह भी पढ़ें
Here are a few more articles:
Read the Next Article