/bansal-news/media/media_files/2026/01/22/chhattisgarh-weather-update-2026-01-22-22-00-05.jpg)
Chhattisgarh Weather Update: छत्तीसगढ़ में इन दिनों मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। सुबह और रात के समय हल्की ठंड महसूस हो रही है, जबकि दिन चढ़ते ही गर्मी का असर साफ नजर आने लगता है। दिन और रात के तापमान के बीच बढ़ते अंतर ने आम लोगों को मौसम के बदलाव का अहसास करा दिया है। खासतौर पर जनवरी के अंतिम सप्ताह में दिन का तापमान सामान्य से ऊपर जाने लगा है।
रात के तापमान में मिलेगी राहत
मौसम विभाग ने प्रदेशवासियों के लिए राहत भरी जानकारी दी है। विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में रात के तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। इससे कड़ाके की ठंड से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि इसके बाद उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में हल्की ठंड दोबारा बढ़ सकती है।
सक्रिय हैं दो मौसमी सिस्टम
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, फिलहाल छत्तीसगढ़ के मौसम को प्रभावित करने वाले दो अहम मौसमी सिस्टम सक्रिय हैं। पहला पश्चिमी विक्षोभ, जो ऊपरी हवाओं में द्रोणिका के रूप में मौजूद है। दूसरा सिस्टम पूर्वोत्तर भारत के ऊपर सक्रिय पश्चिमी जेट स्ट्रीम है, जो तेज रफ्तार से बह रही है। इन दोनों सिस्टमों के कारण प्रदेश के तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। हालांकि इनका प्रभाव इतना मजबूत नहीं है कि बारिश या बादल बनने जैसी स्थिति बन सके।
प्रदेश में फिलहाल मौसम रहेगा शुष्क
मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि छत्तीसगढ़ में फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा। आने वाले कुछ दिनों तक प्रदेश में बारिश के कोई आसार नहीं हैं। इसका सीधा असर यह होगा कि दिन के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी जारी रह सकती है, जबकि रात का तापमान सामान्य के आसपास बना रहेगा।
23 जनवरी को कई जिलों में 30 डिग्री के पार पहुंचा तापमान
23 जनवरी को छत्तीसगढ़ के कई जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। दक्षिण छत्तीसगढ़ के सुकमा में प्रदेश का सबसे अधिक तापमान 31.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं दुर्ग में 30.2 डिग्री, महासमुंद और राजनांदगांव में 30-30 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रायपुर में भी तापमान 29.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
दिन में बढ़ी गर्मी का असर
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसका असर यह रहा कि दिन के समय धूप तेज महसूस हुई और लोगों को हल्की गर्मी का सामना करना पड़ा। खासकर दोपहर के समय खुले स्थानों पर गर्मी का असर साफ नजर आया।
मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल छत्तीसगढ़ के मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव बना रह सकता है, लेकिन बारिश या तेज ठंड जैसी स्थिति के आसार नहीं हैं। लोगों को सलाह दी गई है कि दिन और रात के तापमान के अंतर को ध्यान में रखते हुए सावधानी बरतें।
/bansal-news/media/agency_attachments/2025/12/01/2025-12-01t081847077z-new-bansal-logo-2025-12-01-13-48-47.png)
Follow Us