उत्तर छत्तीसगढ़ में शीतलहर का असर: सरगुजा संभाग में ठिठुरन बरकरार, रायपुर-बिलासपुर में बढ़ा तापमान, अगले दो दिन ऐसा रहेगा मौसम

उत्तर छत्तीसगढ़ में ठंड ने एक बार फिर अपना तीखा असर दिखाया है। कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, सरगुजा और जशपुर जिलों के कई इलाकों में गुरुवार को शीतलहर की स्थिति बनी रही।

CG Cold Wave Alert

CG Cold Wave Alert

Chhattisgarh Cold Wave: उत्तर छत्तीसगढ़ में ठंड ने एक बार फिर अपना तीखा असर दिखाया है। कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, सरगुजा और जशपुर जिलों के कई इलाकों में गुरुवार को शीतलहर की स्थिति बनी रही। पहाड़ी और वनांचल क्षेत्रों में सुबह और रात के समय कड़ाके की ठंड महसूस की गई, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ। खासकर सरगुजा संभाग में ठंडी हवाओं के चलते लोगों को अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ा।

उत्तर छत्तीसगढ़ में ठंड बरकरार, अलर्ट जारी

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में शुक्रवार को भी शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की गई है। विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों तक ठंड का असर बना रह सकता है। इसके बाद न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिससे ठंड से कुछ राहत मिल सकती है।

मध्य छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज

वहीं राजधानी रायपुर समेत मध्य छत्तीसगढ़ के जिलों में मौसम का मिजाज बदलता नजर आया। गुरुवार को यहां न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक रायपुर में अधिकतम तापमान में करीब 1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान में लगभग आधा डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है। शुक्रवार को तापमान में और इजाफा होने की संभावना जताई गई है। अनुमान है कि अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

दक्षिण छत्तीसगढ़ में भी राहत के संकेत

दक्षिण छत्तीसगढ़ के इलाकों में भी ठंड का असर कमजोर पड़ता दिख रहा है। यहां दिन और रात के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। इससे किसानों और आम लोगों को ठंड से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है, हालांकि सुबह के समय हल्की ठंड अभी बनी रह सकती है।

24 घंटे का तापमान रिकॉर्ड

पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार रायपुर में अधिकतम तापमान 27.9 डिग्री सेल्सियस और माना में 27.2 डिग्री दर्ज किया गया। बिलासपुर में अधिकतम तापमान 26 डिग्री, पेंड्रारोड में 23.2 डिग्री और अम्बिकापुर में 22.1 डिग्री सेल्सियस रहा। जगदलपुर में अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री, दुर्ग में 30 डिग्री और राजनांदगांव में 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

न्यूनतम तापमान की बात करें तो रायपुर और माना में 13.9 डिग्री, बिलासपुर में 13.8 डिग्री, पेंड्रारोड में 10 डिग्री और अम्बिकापुर में महज 4.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। जगदलपुर में न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री और दुर्ग में 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

आगे क्या रहेगा हाल

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार फिलहाल उत्तर छत्तीसगढ़ में ठंड से पूरी तरह राहत मिलने में समय लगेगा। हालांकि जैसे ही हवा की दिशा बदलेगी, प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान धीरे-धीरे बढ़ने लगेगा। लोगों को अभी सुबह और रात के समय सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

यह भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ में धान खरीदी में गड़बड़ी पर बड़ी कार्रवाई: 12 जिलों में 38 कर्मचारी निलंबित, 3 पर FIR, 14 राइस मिल सील

यह भी पढ़ें
Here are a few more articles:
Read the Next Article