छत्तीसगढ़ विधानसभा की कार्यवाही कल सुबह 11 बजे तक स्थगित: 25 फरवरी को होगी राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा, पहले दिन कवासी लखमा भी हुए शामिल

छत्तीसगढ़ विधानसभा में राज्यपाल रमेन डेका के अभिभाषण पर 25 फरवरी को चर्चा होगी। सदन की कार्यवाही कल सुबह 11 बजे तक स्थगित कर दी गई है।

एडिट
cg News

Chhattisgarh Budget Session 2026: छत्तीसगढ़ विधानसभा (Chhattisgarh Legislative Assembly) में राज्यपाल रमेन डेका (Ramen Deka) के अभिभाषण के बाद अब 25 फरवरी को उस पर चर्चा होगी। सदन की कार्यवाही आज के लिए स्थगित कर दी गई है और अब यह कल सुबह 11:00 बजे फिर से शुरू होगी।

राज्यपाल ने अपने अभिभाषण में सरकार की उपलब्धियों और आगामी योजनाओं का विस्तृत उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में विकास की असीम संभावनाएं हैं और सरकार अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

सदन में कवासी लखमा की मौजूदगी

cg News

बजट सत्र के पहले दिन पूर्व मंत्री कवासी लखमा (Kawasi Lakhma) भी सदन की कार्यवाही में पहुंचे। उच्च न्यायालय से अंतरिम जमानत मिलने के बाद यह उनकी वापसी मानी जा रही है।

सदन के अंदर कवासी लखमा ने बीजेपी विधायकों से मुलाकात की। कृषि मंत्री रामविचार नेताम (Ramvichar Netam) ने उन्हें गले लगाकर स्वागत किया, वहीं उपमुख्यमंत्री अरुण साव (Arun Sao) ने हाथ मिलाकर अभिवादन किया। यह दृश्य सदन में चर्चा का विषय बना रहा।

महिला सशक्तिकरण और किसान हित पर जोर

cg News

राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि यह वर्ष ‘महतारी गौरव वर्ष’ के रूप में मनाया जा रहा है। सरकार महिला सशक्तिकरण की दिशा में निरंतर काम कर रही है।

उन्होंने बताया कि कृषक उन्नति योजना (Krishak Unnati Yojana) के तहत किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और उन्हें बेहतर बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में कदम उठाए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार भी किसान हितैषी नीतियों पर काम कर रही है।

नक्सल मोर्चे पर सरकार का दावा

राज्यपाल ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास को लेकर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने बताया कि नक्सल प्रभावित इलाकों में 728 मोबाइल टावर स्थापित किए गए हैं, जिससे संचार सुविधा बेहतर हुई है।

उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में 532 नक्सलियों को मारा गया है और 2000 से अधिक नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में वापसी की है। नक्सलवाद से पीड़ित महिलाओं को भी महतारी वंदन योजना (Mahtari Vandan Yojana) का लाभ दिया जा रहा है।

राज्यपाल ने दावा किया कि बस्तर अब आतंक के साये से बाहर निकल रहा है और 25 कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से लोगों को लाभ पहुंचाया जा रहा है।

विधानसभा में आर्थिक सर्वेक्षण पेश

विधानसभा के बजट सत्र के दौरान वर्ष 2025-26 का आर्थिक सर्वेक्षण सदन में प्रस्तुत किया गया। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने सदन के पटल पर आर्थिक सर्वेक्षण से संबंधित पत्र रखा और राज्य की आर्थिक स्थिति, विकास दर, राजस्व प्राप्ति, व्यय और आगामी वित्तीय वर्ष की प्राथमिकताओं का ब्यौरा प्रस्तुत किया।

बजट सत्र शुरू होने से पहले कार्य मंत्रणा समिति की बैठक

ewvlckvq23mgpa1miut7

बजट सत्र के औपचारिक तौर पर शुरुआत होने से पहले कार्य मंत्रणा समिति की बैठक हुई। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की अध्यक्षता में छत्तीसगढ़ विधानसभा के समिति कक्ष में कार्य मंत्रणा समिति की आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप, वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, विधायक धरम लाल कौशिक, विधायक धर्मजीत सिंह, विधायक अजय चंद्राकर सहित समिति के सदस्य उपस्थित थे।

बजट सत्र में कुल 15 बैठकें प्रस्तावित

cg News

बता दें कि 20 मार्च तक चलने वाले छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र में कुल 15 बैठकें प्रस्तावित हैं। इस दौरान विधायकों ने कुल 2813 प्रश्न लगाए हैं। इनमें ध्यानाकर्षण की 61 सूचनाएं, नियम 139 के तहत 1 की सूचना लगी है। 13 अशासकीय संकल्प के अलावा शून्यकाल की 9 और 112 याचिकाएं लगी हैं। 25 फरवरी को राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा होगी। 9 से 17 मार्च तक विभागवार अनुदान मांगों पर चर्चा होगी। 17 मार्च को विनियोग विधेयक पर चर्चा होगी।

यह भी पढ़ें
Here are a few more articles:
Read the Next Article