रायपुर में बैडमिंटन खेलते समय कारोबारी की हार्ट अटैक से मौत: सोनकर बाड़ी ग्राउंड में खेलते-खेलते गिर पड़े, रोज की तरह खेलने पहुंचे थे कोर्ट

रायपुर के अश्विनी नगर स्थित सोनकर बाड़ी ग्राउंड में बैडमिंटन खेलते समय 57 वर्षीय कारोबारी अमृत बजाज की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। साथी खिलाड़ियों के अनुसार वे शॉट मारने के बाद शटल उठाने झुके और अचानक गिर पड़े।

Raipur Heart Attack Death

Raipur Heart Attack Death: राजधानी रायपुर के अश्विनी नगर स्थित सोनकर बाड़ी ग्राउंड में सोमवार को एक दर्दनाक घटना ने सभी को झकझोर दिया। ईदगाह भाठा निवासी हार्डवेयर कारोबारी अमृत बजाज की बैडमिंटन खेलते समय अचानक गिरने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उन्हें हार्ट अटैक आया था। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

रोज की तरह खेलने पहुंचे थे कोर्ट

परिजनों और दोस्तों के मुताबिक, 57 वर्षीय अमृत बजाज रोजाना सुबह बैडमिंटन खेलने जाया करते थे। सोमवार को भी वे अन्य दिनों की तरह कोर्ट पहुंचे थे। खेल के दौरान उन्होंने एक शॉट मारा और जब शटल जमीन पर गिरा तो उसे उठाने आगे बढ़े। इसी दौरान वे अचानक गिर पड़े।

पहले साथ खेल रहे खिलाड़ियों ने उन्हें उठाने की कोशिश की, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद अन्य लोग भी मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल पास के निजी अस्पताल ले जाया गया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि उन्हें हार्ट अटैक आया था। अमृत बजाज शुगर के मरीज थे। उनकी अचानक मौत की खबर से परिवार, मित्र और जानने वालों में शोक की लहर दौड़ गई।

उनका अंतिम संस्कार 16 फरवरी को मरवाड़ी मुक्तिधाम में किया गया। परिवार ने इसे अपूरणीय क्षति बताया है।

क्या होता है हार्ट अटैक?

अमृत बजाज की मौत ने एक बार फिर दिल की बीमारियों को लेकर चिंता बढ़ा दी है। डॉक्टरों के अनुसार, जब शरीर में कोलेस्ट्रॉल बढ़ता है तो हृदय की धमनियों में ब्लॉकेज बनने लगता है। शुरुआती 30 से 40 प्रतिशत ब्लॉकेज में ज्यादा लक्षण नहीं दिखते, लेकिन जब यह 70 प्रतिशत से अधिक हो जाता है तो हृदय तक रक्त का प्रवाह धीमा पड़ जाता है।

यदि किसी कारण से अचानक रक्त प्रवाह रुक जाए या दिल की पंपिंग बंद हो जाए, तो इसे हार्ट अटैक कहा जाता है। विशेषज्ञों का कहना है कि नियमित जांच, संतुलित आहार और व्यायाम के साथ शुगर व ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखना बेहद जरूरी है।

यह भी पढ़ें
Here are a few more articles:
Read the Next Article