/bansal-news/media/media_files/2026/02/21/1000634608-2026-02-21-10-20-42.png)
CG Road Accident: छत्तीसगढ़ के आरंग क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 53 पर स्थित पारागांव के पास बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज गति से आ रही एक टाटा विस्ता (CG 04 HD 2156) कार अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और फिर सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और राहत कार्य शुरू किया गया।
रिश्तेदार को छोड़कर लौट रहे थे युवक
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार में सवार चारों युवक महासमुंद में अपने एक रिश्तेदार को छोड़ने गए थे। वापसी के दौरान पारागांव के समीप चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार काफी तेज थी। नियंत्रण बिगड़ते ही वाहन सीधे डिवाइडर से टकराया और उछलकर पोल से जा भिड़ा।
हादसे की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और अंदर बैठे युवकों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
तीन युवकों की मौके पर मौत, एक की हालत नाजुक
दुर्घटना में हर्ष कुमार देवांगन (21 वर्ष), पिता जमुना प्रसाद, निवासी सरागांव थाना छुरा, हाल पता परमेश्वरी फोटो स्टूडियो आरंग; राहुल देवांगन (20 वर्ष), पिता जमुना प्रसाद, निवासी सरागांव थाना छुरा, हाल पता परमेश्वरी फोटो स्टूडियो आरंग; तथा थानू सतनामी (22 वर्ष), निवासी ओड़का, आरंग की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं मिथलेश धीवर (23 वर्ष), पिता संतराम धीवर, निवासी ब्लॉक कॉलोनी आरंग गंभीर रूप से घायल है। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
क्षेत्र में पसरा मातम
हादसे में जान गंवाने वाले सभी युवक कम उम्र के थे। घटना की खबर मिलते ही परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बड़ी संख्या में लोग अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंच गए। पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
पुलिस जांच में जुटी
आरंग थाना प्रभारी हरीश साहू ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। क्षतिग्रस्त वाहन को हाईवे से हटाकर यातायात बहाल कर दिया गया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को दुर्घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हादसे के समय चालक की स्थिति क्या थी और वाहन की तकनीकी स्थिति कैसी थी।
/bansal-news/media/agency_attachments/2025/12/01/2025-12-01t081847077z-new-bansal-logo-2025-12-01-13-48-47.png)
Follow Us