रायपुर के एम्स में भर्ती मरीज ने तीसरी मंजिल से कूदकर दी जान: अस्पताल में मचा हड़कंप, बी4 वार्ड में चल रहा था इलाज

रायपुर स्थित एम्स अस्पताल में इलाज के दौरान एक मरीज ने तीसरी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान करण नायक बंजारा के रूप में हुई है, जो खून से जुड़ी बीमारी का इलाज करा रहा था।

AIIMS Raipur Patient Suicide

AIIMS Raipur Patient Suicide: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (All India Institute of Medical Sciences - AIIMS Raipur) में शुक्रवार को एक दुखद घटना सामने आई। यहां इलाज के लिए भर्ती एक मरीज ने अस्पताल की तीसरी मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी।

मृतक की पहचान करण नायक बंजारा के रूप में हुई है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया और मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बी4 वार्ड में चल रहा था इलाज

जानकारी के अनुसार करण नायक बंजारा खून से संबंधित बीमारी के इलाज के लिए एम्स अस्पताल में भर्ती था। उसका इलाज अस्पताल के बी ब्लॉक स्थित बी4 वार्ड (B4 Ward) में चल रहा था। शुक्रवार को उसने अचानक तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस कर रही जांच

मामला आमानाका थाना (Amanaka Police Station) क्षेत्र का है। पुलिस मृतक के परिजनों और अस्पताल प्रबंधन से पूछताछ कर रही है। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि मरीज पिछले कुछ महीनों से अस्पताल में भर्ती था और बीमारी के चलते मानसिक रूप से परेशान था।

आमानाका थाना प्रभारी सुधांशु सिंह बघेल (Sudhanshu Singh Baghel) ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तीसरी मंजिल से कूदने के कारण मरीज की मृत्यु होना पाया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

यह भी पढ़ें
Here are a few more articles:
Read the Next Article