बलौदाबाजार में बनेगा ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक: बजट में जिले को सड़क, शिक्षा और बुनियादी ढांचे समेत कई महत्वपूर्ण घोषणाएं

(रिपोर्ट: देवेश साहू, बलौदाबाजार ) छत्तीसगढ़ बजट 2026 में बलौदाबाजार जिले को सड़क चौड़ीकरण, नालंदा लाइब्रेरी, कॉलेज उन्नयन, औद्योगिक विकास और ई-ट्रैक सुविधा जैसी घोषणाएं।

budget

Balodabazar Budget: छत्तीसगढ़ का साल 2026 का बजट वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी ने नया रायपुर स्थित नवीन विधानसभा भवन में पेश किया। इस वर्ष बजट की थीम “SANKALP” रखी गई है, जिसका उद्देश्य राज्य के समग्र और समावेशी विकास को गति देना है।

बजट में S से समावेशी विकास, A से अधोसंरचना, N से निवेश, K से कुशल मानव संसाधन, A से अंत्योदय, L से लाइवलीहुड और P से पॉलिसी से परिणाम तक की कार्यदृष्टि को स्पष्ट किया गया है।

सड़क विकास को मिलेगी रफ्तार

जिले में यातायात और कनेक्टिविटी सुधार के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं। कसडोल से वाया बागबाहरा होते हुए गरियाबंद तक सड़क निर्माण किया जाएगा।

वहीं बलौदाबाजार से भाटापारा सड़क के चौड़ीकरण के लिए 25 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे आवागमन सुगम होगा और व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी।

शिक्षा क्षेत्र को मजबूत करने की पहल

भाटापारा में नालंदा लाइब्रेरी की स्थापना की जाएगी, जिससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को आधुनिक अध्ययन संसाधन मिलेंगे।

दाऊ कल्याण सिंह कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय, बलौदाबाजार को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में उन्नयन के लिए चयनित किया गया है।

साथ ही बलौदाबाजार में नए बीएड कॉलेज भवन के निर्माण का प्रावधान भी किया गया है। उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए मिनीमाता कर्मा महाविद्यालय को स्नातकोत्तर महाविद्यालय में उन्नयन हेतु बजटीय प्रावधान किया गया है।

औद्योगिक और सांस्कृतिक विकास को बढ़ावा

मटीया (कसडोल) के औद्योगिक क्षेत्र के विकास की घोषणा की गई है, जिससे स्थानीय स्तर पर उद्योग और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व को ध्यान में रखते हुए सोनाखान भवन के उन्नयन और उत्थान के लिए 20 करोड़ रुपये का प्रावधान रखा गया है।

धार्मिक आयोजन और प्रशासनिक सुविधाओं का विस्तार

गिरौदपुरी मेला के लिए दी जाने वाली राशि को 25 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपये कर दिया गया है। भाटापारा में मॉडल उप-पंजीयक कार्यालय की स्थापना की जाएगी, जिससे नागरिक सेवाएं सुलभ होंगी।

तकनीक आधारित परिवहन व्यवस्था

ड्राइविंग लाइसेंस प्रक्रिया को आधुनिक बनाने के तहत प्रदेश के 8 जिलों के साथ बलौदाबाजार में भी ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक (ई-ट्रैक) का निर्माण किया जाएगा। इससे पारदर्शिता और तकनीकी दक्षता के साथ लाइसेंस प्रक्रिया आसान होगी।

इस बजट में जिले के लिए सड़क, शिक्षा, उद्योग और प्रशासनिक सुविधाओं से जुड़े प्रावधानों को शामिल किए जाने से बलौदाबाजार-भाटापारा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।



यह भी पढ़ें
Here are a few more articles:
Read the Next Article