कोरबा में रिश्तों का कत्ल: पत्नी ने पैरालाइज्ड पति को कीटनाशक पिलाकर मार डाला, बच्चों ने देखा सच, सख्त पूछताछ में पत्नी ने कबूला जुर्म

Korba Wife Killed Husband Case: कोरबा जिले में पत्नी ने लकवाग्रस्त पति को कीटनाशक पिलाकर हत्या कर दी। फूलों में छिड़काव के बहाने जहर मंगवाया गया। बच्चों की गवाही के बाद पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

FDS

Korba Wife Killed Husband Case: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से रिश्तों को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां पैरालाइज्ड पति को उसकी पत्नी ने कीटनाशक पिलाकर मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद पत्नी पति को अस्पताल ले जाने में भी टालमटोल करती रही। बच्चों की गवाही और सख्त पूछताछ के बाद आरोपी पत्नी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। मामला दर्री थाना क्षेत्र का है।

डेढ़ साल से लकवाग्रस्त था पति

पुलिस के मुताबिक, मृतक अरुण सिंह (38) आशा नगर लाटा में परिवार के साथ रहता था। करीब डेढ़ साल पहले उसे लकवा मार गया था। इसके साथ ही वह टीबी से भी पीड़ित था। उसकी पूरी देखभाल पत्नी बंटी देवी (35) कर रही थी। आर्थिक रूप से परिवार के अन्य सदस्य भी मदद कर रहे थे।

फूलों में छिड़काव के बहाने मंगवाया कीटनाशक

27 जनवरी की सुबह बंटी देवी ने अपने 13 वर्षीय बेटे से फूलों में छिड़काव के बहाने कीटनाशक मंगवाया। बेटा बाजार से कीटनाशक खरीदकर घर ले आया। उसी दिन शाम को पत्नी ने बच्चों को कमरे से बाहर भेज दिया और पानी में कीटनाशक मिलाकर पति को पिला दिया।

बेटी ने खिड़की से देख लिया पूरा घटनाक्रम

कीटनाशक पिलाते वक्त बेटी ने खिड़की से मां को देख लिया। उसने तुरंत अपने बड़े भाई को इसकी जानकारी दी। बाद में बच्चों ने घर में रखी कीटनाशक की शीशी देखी, जो पूरी तरह खाली थी। बच्चों के शक के बावजूद मां ने बात को टाल दिया।

रातभर तड़पता रहा पति, अस्पताल ले जाने में की देरी

रात करीब 1:30 बजे अरुण सिंह को उल्टियां होने लगीं। बच्चे लगातार पिता को अस्पताल ले जाने की गुहार लगाते रहे, लेकिन मां टालमटोल करती रही। पूरी रात अरुण की हालत गंभीर बनी रही। 28 जनवरी की तड़के उसे जिला मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

इलाज के दौरान हुई मौत

दो दिन तक चले इलाज के बाद 30 जनवरी की सुबह अरुण सिंह की अस्पताल में मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

बच्चों की गवाही से टूटा आरोपी का झूठ

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने बच्चों से पूछताछ की। बच्चों के बयानों में कई विरोधाभास सामने आए। पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि आरोपी महिला किसी से लगातार फोन पर बात किया करती थी, जिससे अफेयर की आशंका जताई जा रही है।

सख्त पूछताछ में पत्नी ने कबूला जुर्म

पुलिस ने बंटी देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरू में वह पुलिस को गुमराह करती रही, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने कीटनाशक पिलाकर पति की हत्या करना स्वीकार कर लिया।

हत्या के आरोप में जेल भेजी गई पत्नी

पुलिस ने आरोपी पत्नी के खिलाफ हत्या की धारा के तहत मामला दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले से जुड़े हर पहलू की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें
Here are a few more articles:
Read the Next Article