रायपुर। छत्तीसगढ़ समेत पूरा देश इस समय कोरोना के दंश से जूझ रहा है। रोजाना हजारों की संख्या में नए मरीज सामने आ रहे हैं। कोरोना पर काबू पाने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने एक नया फैसला लिया है। इस फैसले के तहत अब राज्य में 24 घंटे कोरोना की जांच होगी। इसके तहत लोगों के दिन-रात सैंपल लिए जाएंगे। इसकी शुरुआत नगर निगम वाले जिलों से की जाएगी। आज से नगर निगम जिलों में रैपिड एंटीजन टेस्टिंग 24 घंटे के लिए चालू कर दी गई है। इसके आदेश राज्य के सीएम भूपेश वघेल ने दिए हैं। सीएम वघेल ने बताया कि रायपुर क्षेत्र में सबसे ज्यादा टेस्टिंग की जाएगी। रायपुर नगर निगम क्षेत्र में सबसे ज्यादा जगहों पर जांच होगी।
राजधानी में कुल 11 केंद्र बनाए गए हैं…
राजधानी में कुल 11 जांच केंद्र बनाए गए हैं। इसके अलावा राज्य के अन्य जिलों में भी 24 घंटे जांच के लिए केंद्र बनाए गए हैं। रायपुर में जिला अस्पताल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोखो पारा, डीडी नगर, हीरापुर, गोगांव, राजा तालाब, देवपुरी, भाठा गांव, मोवा, भनपुरी, गुढ़ियारी बीरगांव और रावाभाटा में दिन-रात टेस्टिंग की जाएगी। इसके अलावा बिलासपुर नगर निगम में 10, भिलाई नगर निगम में 5, दुर्ग राजनांदगांव रायगढ़ कोरबा अंबिकापुर नगर निगम में 3-3, जगदलपुर नगर निगम 2-2 और बिरगांव धमतरी भिलाई चरोदा रिसाली में 1-1 जगहों पर कोरोना का टेस्ट किया जाएगा। बता दें कि प्रदेश में कोरोना की दूसरी लहर ने जमकर तबाही मचाई थी। इसी के चलते पूरे राज्य में लॉकडाउन की स्थिति बन गई थी। वर्तमान में कोरोना की चेन को तोड़ने के लिए लॉकडाउन लगाया हुआ है। प्रदेश में लॉकडाउन के बाद से ही कोरोना की स्थिति काबू में है।