CG News: कर्नल विप्लव त्रिपाठी की शहादत पर सीएम ने जताया दुख, उग्रवादियों ने किया था हमला

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मणिपुर में उग्रवादी हमले में कर्नल विप्लव त्रिपाठी के शहीद होने की घटना पर दुख जताया है। इस हमले में उनकी पत्नी और पुत्र की भी मृत्यु हुई है। राज्य के जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि मुख्यमंत्री ने मणिपुर के चुराचन्दपुर जिले के सियालसी गांव के समीप हुए उग्रवादी हमले की निंदा की है। इस उग्रवादी हमले में रायगढ़ जिले के दैनिक बयार समाचार पत्र के संपादक और वरिष्ठ पत्रकार सुभाष त्रिपाठी के पुत्र कर्नल विप्लव त्रिपाठी शहीद हो गए हैं। इस घटना में सुभाष त्रिपाठी की बहू अनुजा त्रिपाठी और पांच वर्षीय पौत्र अबीर त्रिपाठी की भी मृत्यु हुई है। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना आज करीब साढ़े ग्यारह बजे उस वक्त हुई, जब कर्नल विप्लव त्रिपाठी बिहांग को-पोस्ट से वापस लौट रहे थे। सियालसी गांव के करीब घात लगाए उग्रवादियों ने उनपर हमला कर दिया। इस घटना में कर्नल त्रिपाठी और उनके परिवार के सदस्यों की मृत्यु हो गई। उन्होंने बताया कि बघेल ने उग्रवादी हमले को कायराना कृत्य कहा है और इसकी कड़े शब्दों में निंदा है। मुख्यमंत्री ने कर्नल विप्लव त्रिपाठी की शहादत को नमन करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।
मणिपुर में माओवादी हमले में हमारे वीर जवानों के शहीद होने का दुखद समाचार मिला।
इस हमले में दैनिक बयार रायगढ़ के सम्पादक एवं वरिष्ठ पत्रकार श्री सुभाष त्रिपाठी जी के पुत्र कर्नल विप्लव त्रिपाठी, बहू श्रीमती अनुजा त्रिपाठी एवं पांच वर्षीय पौत्र अबीर त्रिपाठी भी शहीद हुए हैं।
— Bhupesh Baghel (@bhupeshbaghel) November 13, 2021
मैं इस कायराना हमले की निंदा करता हूँ।
सभी शहीदों की शहादत को कोटि-कोटि नमन।
शोक संतप्त परिजनों को ईश्वर संबल दे। ॐ शांति:
— Bhupesh Baghel (@bhupeshbaghel) November 13, 2021