Advertisment

बीएसएफ ने जम्मू कश्मीर के कठुआ में सीमा पार 150 मीटर लंबी सुरंग का पता लगाया

author-image
Bhasha
देश में रविवार तक कुल 2,24,301 लाभार्थियों को कोविड-19 का टीका लगाया गया: सरकार

जम्मू, 13 जनवरी (भाषा) सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने बुधवार को जम्मू कश्मीर के कठुआ जिले के हीरानगर सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटी एक 150 मीटर लंबी सुरंग का पता लगाया है। इसका निर्माण आतंकवादियों की घुसपैठ के मकसद से किया गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

Advertisment

उन्होंने बताया कि बीएसएफ के सतर्क जवानों ने पिछले छह महीने में कठुआ और सांबा जिलों में इस तरह की तीसरी सुरंग का पता लगाया है।

बीएसएफ के महानिरीक्षक (जम्मू फ्रंटियर) एनएस जमवाल ने कहा, '' बुधवार सुबह एक अभियान के दौरान बीएसएफ के जवानों ने हीरानगर सेक्टर के बोबियान गांव में सीमा पार से बनाई गई एक करीब 150 मीटर लंबी सुरंग का पता लगाया।''

सुरंग का पता चलने के बाद जामवाल और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे।

बीएसएफ अधिकारी ने कहा, '' इसके दूसरी तरफ पाकिस्तान का शेकरगढ इलाका है जो आतंकवादियों के ठिकानों के लिए कुख्यात है। हमारे पास सूचनाएं हैं जिसके चलते हम यहां होने वाली गतिविधियों को लेकर सतर्क थे।''

Advertisment

उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी साजिशों को नाकाम करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।

जमवाल ने कहा कि रेत के बोरों पर मिले पाकिस्तानी चिन्ह इस सुरंग के निर्माण में पाकिस्तानी संगठनों का हाथ होने का साक्ष्य पेश करते हैं जोकि पिछली बार पता लगाई गई सुरंगों की तरह ही 25 से 30 मीटर गहरी और दो से तीन फुट व्यास की हैं।

यह पूछे जाने पर कि क्या यह सुरंग हाल-फिलहाल में बनाई गई है या पुरानी है तो उन्होंने कहा कि यह जांच का विषय है।

Advertisment

हालांकि, अधिकारी ने यह भी कहा कि सुरंग से मिले रेत के बोरों पर उत्पादन वर्ष 2016-17 है, ऐसे में यह पुरानी भी हो सकती है।

उन्होंने कहा, '' हम इस सुरंग की लंबे समय से तलाश कर रहे थे और सुरंग-रोधी अभियान के दौरान इसका पता चला है जोकि पूरे अंतरराष्ट्रीय सीमा पर चलाया जा रहा है। इस सुरंग के जरिए पूर्व में घुसपैठ की गई अथवा नहीं? इसका पता जांच के बाद ही चल पाएगा।''

जमवाल ने कहा कि बीएसएफ इस बात को लेकर पूरी तरह आश्वस्त है कि फिलहाल इस सुरंग के जरिए घुसपैठ नहीं की गई है।

Advertisment

भाषा शफीक माधव

माधव

Advertisment
चैनल से जुड़ें