बच्ची के शव की नहीं हो सकी शिनाख्त, पुलिस ने छपवाया पोस्टर, कहा पहचान होने पर सूचित करने का करें कष्ट

भोपाल। राजधानी की तलैया थाना पुलिस ने शुक्रवार की सुबह बड़े तालाब में एक बच्ची का शव बरामद किया था। शव 1 दिन पुराना होने के कारण पानी के ऊपर आ गया था पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी में रखवा दिया था। अभी तक बच्ची की पहचान नहीं हो सकी है। बच्ची की पहचान नहीं होने के कारण तलैया पुलिस ने एक पोस्टर छपवाया है।
पोस्टर छपवाया है
थाना तलैया पुलिस ने मर्ग कायम कर एक पोस्टर छपवाया है जिसमें लिखा है अज्ञात मृतिका बालिका आयु करीब 1 वर्ष निवासी अज्ञात बालिका का शव शीतला माता मंदिर घाट पर बड़ा तालाब में पानी में मिला है। अज्ञात मृतक बालिका की पहचान होने पर थाना तलैया को सूचित करने का कष्ट करें।
बडे तालाब में पड़ा था शव
थाना प्रभारी डी पी सिंह के मुताबिक शुक्रवार की सुबह 10:15 में बड़े तालाब में एक बच्ची का शव तालाब में देखा गया। शव शीतला माता मंदिर घाट पर बडे तालाब में पड़ा था। मौके पर मौजूद गोताखोरों ने शव को बाहर निकाला। पुलिस ने शव को मर्चुरी में रखवा दिया है। आज बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
ये है मामला
वीआईपी रोड (VIP road) स्थित बड़े तालाब में तालाब (Bada talab) में शुक्रवार की सुबह एक मासूम बच्ची का शव उतराता मिला था। इसकी जानकारी लोगों ने फोनकर पुलिस को दी थी। मौके पर पहुंची तलैया थाना पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया था।
गोताखोरों ने निकाला बाहर
दरअसल शुक्रवार की सुबह लोगों ने जैसे ही बच्ची का शव पानी में उतराता देखा तो हड़कंप मच गया था। शव मिलने की खबर लगते ही बड़ी संख्या में लोग देखते के लिए इकट्ठे हो गए थे। शव मिलने की खबर मिलते ही पुलिस घटना स्थल पहुंची थी और गोताखोरों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया था।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया था। अभी फिलहाल मासूम की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरु कर दी है।